बिस्कोहर। त्रिलोकपुर थाना क्षेत्र के देवीपुर गांव में शुक्रवार रात एक घर में छत के रास्ते से चोर घुस गए। इसके बाद कमरे में रखे आभूषण नकदी सहित लाखों का सामान उठा ले गए। घटना की जानकारी सुबह परिजनों को हुई तो उन्होंने सूचना पुलिस को दी।
देवीपुर गांव निवासी अली हसन शुक्रवार रात खाना खाने के बाद बाहर सोया हुआ था और परिवार की महिलाएं छत पर बने कमरे में सोईं थी। देर रात चोर मकान के दक्षिण दीवार से छत पर चढ़ गए और सीढ़ी के रास्ते घर में घुस गए। इसके बाद आंगन के पास बने एक कमरे में जाकर उसमें रखा टैंकर, बक्सा एवं अलमारी आदि खोल कर उसमें रखा हजारों रुपये के सोने व चांदी के जेवरात को उठा ले गए। सूचना पर चौकी बिस्कोहर की पुलिस ने मौके पर पहुंच कर जांच किया। चौकी प्रभारी सूर्य प्रकाश सिंह ने कहा कि घटना की जानकारी मिली है। जांचकर कार्रवाई की जाएगी।