बांसी। कोतवाली क्षेत्र के हरिद्वार गांव में रविवार देर शाम युवती की घर में छत की कुंडी में संदिग्ध हाल में फंदे से लटकता शव मिला। घरवालों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को फंदे से उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
हरिद्वार गांव निवासी पूर्णवासी के परिवार के सदस्य रविवार को घर के बाहर थे। घर में उसकी 19 वर्षीय बेटी थी। घर पहुंचने पर जब वह काफी देर तक नहीं मिली तो उसकी खोजबीन शुरू हुई। इसी बीच किसी ने घर के कमरे में जाकर देखा तो छत की कुंडी के सहारे दुपट्टे से उसकी लाश लटक रही थी। यह देख परिवार के लोग दंग रह गए। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ एकत्र हो गई। इसके बाद परिजनों ने मामले की जानकारी पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को फंदे से उतरवाया। एसओ बांसी शैलेश कुमार सिंह ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद मौके पर गए थे। शव का पंचनामा करके पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।