जुबली इंटर कॉलेज के खेल मैदान में चल रहे माध्यमिक विद्यालय बॉयज अंडर 17 क्रिकेट प्रतियोगिता में
माध्यमिक विद्यालयों की अंडर-17 महानगर क्रिकेट प्रतियोगिता में एमपी कॉलेज की टीम उपविजेता
संवाद न्यूज एजेंसी
गोरखपुर। माध्यमिक विद्यालयों की अंडर-17 महानगर क्रिकेट प्रतियोगिता शनिवार को राजकीय जुबली इंटर कॉलेज के खेल मैदान पर संपन्न हुई। फाइनल मुकाबले में राजकीय जुबली इंटर कॉलेज की टीम एमपी इंटर कॉलेज को 38 रन से हराकर विजेता बनी।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए राजकीय जुबली इंटर कॉलेज ने निर्धारित ओवर में गौरव की 47 रन की पारी की बदौलत 101 रन का स्कोर बनाया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी एमपी इंटर कॉलेज की टीम 63 रन के स्कोर पर ऑलआउट हो गई।
इससे पूर्व प्रतियोगिता का उद्घाटन राजकीय जुबली इंटर कॉलेज के उप प्रधानाचार्य राजेंद्र प्रसाद ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त करके किया। फाइनल मैच का शुभारंभ एमएसआई इंटर कॉलेज के क्रीड़ा अध्यक्ष नियाज अहमद ने खिलाड़ियों का परिचय प्राप्त कर किया। आयोजक डाॅ. अरुणेंद्र राय ने सभी के प्रति आभार ज्ञापित किया।
इस अवसर पर एमपी इंटर कॉलेज के शिक्षक अच्छे लाल, क्रीड़ा समिति के कोषाध्यक्ष किशोर कुमार जायसवाल, अमीरुद्दीन अंसारी, कुंवर गौरव सिंह, आलोक कुमार श्रीवास्तव, शिवशंकर मल्ल, राम हरि यादव आदि मौजूद रहे।