इटवा। इटवा-बांसी मार्ग पर पिपरा छगत गांव के पास मंगलवार तड़के चाय पत्ती से लदा एक कंटेनर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे नाली में पलट गया। कंटेनर बाउंड्रीवाल के सहारे टिक जाने से बड़ा हादसा टल गया और किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। इससे कुछ देर यातायात बाधित रहा। जानकारी के अनुसार, कंटेनर बांसी की ओर से चाय पत्ती लादकर इटवा की तरफ जा रहा था। पिपरा छगत गांव के पास सड़क संकरी होने के कारण सामने से आ रहे वाहन को बचाने के प्रयास में चालक ने संतुलन खो दिया। इससे कंटेनर सड़क किनारे बनी नाली में पलट गया। हालांकि वाहन पूरी तरह नहीं पलटा और बाउंड्रीवाॅल के सहारे टिक जाने से चालक सुरक्षित बच गया। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। बाद में क्रेन की मदद से कंटेनर को नाली से बाहर निकाला गया।