तुलसियापुर। शोहरतगढ़ तहसील क्षेत्र के तौलिहवा गांव के टोला के बालानगर में सिंचाई विभाग बूढ़ी राप्ती नदी के किए जा रहे कटाव को रोकने के लिए बोरियों में मिट्टी भरकर ठोकर का निर्माण करवाया जा रहा है। ग्रामीणों ने सिंचाई विभाग की ओर से बनवाए जा रहे ठोकर के संबंध में शोहरतगढ़ विधायक विनय वर्मा से शिकायत की है। ग्रामीणों की शिकायत पर उन्होंने तुरंत ही बस्ती मंडलायुक्त, डीएम, सीडीओ व एसडीएम को इसकी सूचना देते हुए जांच की मांग की है।
विधायक ने बताया कि बूढ़ी राप्ती नदी में कटान रोकने के लिए बन रहे ठोकर के कार्य में हो रही गड़बड़ी की सूचना मुझे क्षेत्र की जनता से मिली है। सिंचाई विभाग की ओर से ईंट के ठोकर की जगह मिट्टी का ठोकर लगाना गैरजिम्मेदाराना कार्य है। उन्होंने आरोप लगाया कि विधायक होने के बाद भी सिंचाई विभाग हमारे विधानसभा क्षेत्र में होने वाले ऐसे कार्यों के बारे में मुझे सूचना नहीं दे रहा है। उन्होंने इसकी सूचना मंडल व जिले के अधिकारियों को दे दी है।
इसके बावजूद भी अगर कोई कार्रवाई नहीं होती है और बाढ़ के दौरान अगर नदी से सटे गांवों में क्षति होती है तो इसकी पूरी जिम्मेदारी सिंचाई विभाग और जिला प्रशासन की होगी। अगर मिट्टी का ही ठोकर लगाना था तो ग्रामीण खुद ही वो कार्य कर सकते थे। उन्होंने आरोप लगाया कि यह सभी अनियमितता सिंचाई विभाग के अधिशाषी अभियंता और उनकी टीम की ओर से की जा रही है। उन्होंने मुख्यमंत्री व सिंचाई मंत्री से शिकायत करने की बात कही है।