सिद्धार्थनगर जिले के इटवा थाना क्षेत्र के लटेरा गांव में सोमवार रात एक युवक कमरे में बेल्ट का फंदा लगाकर पंखे से लटक गया। सुबह परिवार के लोगों को जानकारी हुई तो उन्होंने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने के साथ ही मौत की वजह जानने में जुटी है। बताया जा रहा है कि युवक नशे का आदी था।
क्षेत्र के लटेरा गांव निवासी सूरज (18) पुत्र रामदेव सोमवार रात खाना खाने के बाद कमरे में सोने चला गया था। सुबह काफी देर तक नहीं उठा तो मां जगाने गई। अंदर देखा तो वह कमरे में लगे पंखे से बेल्ट के सहारे लटक रहा था। मां की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग भी पहुंच गए।
इसी बीच किसी ने मामले की जानकारी इटवा पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंची और प्रक्रिया पूरी कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस घटना के कारणों की जांच कर रही है। इस संबंध में एसओ विंदेश्वरीमणि तिवारी का कहना है कि युवक नशे का आदी था। मामले में जांच की जा रही है।