पिता ने नहीं दी रकम तो युवक ने काट ली हाथ की नस, मौत
सिद्धार्थनगर। कपिलवस्तु कोतवाली क्षेत्र के महुअवा गांव में मंगलवार सुबह एक युवक ने बाएं हाथ की नस काट ली, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, पिता से रुपये नहीं मिलने से क्षुब्ध होकर उसने यह कदम उठाया। हालांकि परिवार के लोगों इस बारे में कुछ नहीं कहा। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
कपिलवस्तु कोतवाली क्षेत्र के महुअवा गांव निवासी मोहम्मद हुसैन (23) पुत्र अब्दुल मन्नान की शादी पांच वर्ष पूर्व हुई थी। बताया जा रहा है कि वह घर पर रह रहा था। वह अक्सर पिता से रुपये मांगता था। पुलिस के मुताबिक, पिछले कई दिनों ने वह रुपये की मांग कर रहा था। इस बार एक लाख रुपये की मांग की थी।
मंगलवार सुबह रुपये के लिए कुछ कहासुनी की। कुछ देर बाद उसने अपने बायें हाथ की कलई के पास नस काट ली। काफी देर बाद जब परिवार को जानकारी हुई तो, उन्होंने पुलिस को सूचना दी। डायल-112 की गाड़ी मौके पर पहुंची और उसे लेकर जिला अस्पताल पहुंची। देखते ही चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया।
इस संबंध में एसओ कपिलवस्तु सूर्यप्रकाश सिंह ने बताया कि डायल-112 गाड़ी गई और उसे जिला अस्पताल ले जाया गया। वहां उसकी मौत हो गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। जानकारी मिली है कि युवक अपने पिता से अक्सर रुपये की मांग करता था। इसबार एक लाख रुपये की मांग की थी। नहीं मिलने से क्षुब्ध होकर यह कदम उठाया होगा। हर पहलुओं की बारीकी से जांच की जा रही है। इसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
युवक ने काट ली हाथ की नस
सिद्धार्थनगर। बांसी कोतवाली क्षेत्र के खरचौला गांव में मंगलवार सुबह एक युवक ने बायें हाथ की नस काट ली। गंभीर हाल में परिवार के लोगों ने उसे जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देख गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
क्षेत्र के खरचौला गांव निवासी रवि मिश्र (28) ने सुबह बांये हाथ के बीच घुटने के पास ब्लेड से नस को काट लिया। खून से लथपथ हो जाने पर परिवार को जानकारी हुई तो वे उसे बांसी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सक ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में कुछ समय इलाज चला, लेकिन सुधार नहीं हुआ तो बीआरडी मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया गया। चिकित्सकों के मुताबिक, युवक की हालत नाजुक है। घटना के बारे में परिवार वाले भी कुछ नहीं बता पा रहे हैं।