‘कोरोना काल में बंद भत्ते बहाल किए जाए’
सेवानिवृत्त कर्मचारी एवं पेंशनर्स एसोसिएशन की बैठक
संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। कोविड-19 संक्रमण आपदा के दौरान कर्मचारियों, शिक्षकों, पेंशनरों के जो भत्ते बंद किए गए थे, उन्हें बहाल किया जाए। ये बातें सेवानिवृत्त कर्मचारी एवं पेंशनर एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष अवधेश यादव ने कलेक्ट्रेट में हुई बैठक में कही। जिलाध्यक्ष ने कहा कि नई पेंशन योजना बंद कर पुरानी पेंशन व्यवस्था बहाल करने के साथ जनवरी 2020 से बंद किए गए डीए और डीआर को बहाल किया जाए। उन्होंने कहा कि ऑनलाइन जीवित प्रमाण पत्र जमा करने के बाद भी जिनका पेंशन खाते में नहीं गया, उनका पेंशन भेजा जाए। कर्मचारियों एवं पेंशनरों की समस्याओं का तत्काल निस्तारण किया जाए, ताकि आगे आंदोलन की स्थिति न उत्पन्न होने पाए। जिले में तैनात दूसरे जनपदों की महिला शिक्षकों का स्थानांतरण किया जाए, इसमें पिछड़ा जिला होने का बहाना न बनाया जाए। इस दौरान शंभू प्रसाद, सीताराम, कन्हैया प्रसाद, दयाराम पाठक, गिरिजाशंकर मिश्र, खेदू प्रसाद, राजाराम, रामआसरे आदि मौजूद रहे।