पर्यटन केंद्र के पास गिराया जा रहा शहर का कूड़ा
शहर के पुराने नौगढ़ व सोहांस मार्ग पर कूड़े के ढेर से लोग परेशान
पकड़ी के पास बन रहा डंपिंग ग्राउंड एवं एमआरएफ सेंटर अधूरा
सिद्धार्थनगर। नगर पालिका परिषद ने जमुआर नाला स्थित डोम राजा पुल को पर्यटन केंद्र के रूप में आकर्षक बना दिया है, लेकिन इसी के पास शहर का कूड़ा गिराया जा रहा है।
नगर पालिका परिषद ने डोम राजा पुल के पास पर्यटन सुविधाओं का विकास किया है। नदी तट पर सीढ़ियां बना दी गई हैं। वहां रोशनी का भरपूर इंतजाम है, इस स्थान पर लोग रात में परिवार व दोस्तों के साथ टहलने जाते हैं, लेकिन कूड़े की दुर्गंध उन्हें परेशान कर देती है।
कूड़ा डंपिंग ग्राउंड की व्यवस्था नहीं होने से इसे शहर से बाहर जाने वाले मार्गों पर खुले में निस्तारित किया जा रहा है। पुराने नौगढ़ मार्ग के किनारे डाले गए कूड़े से राहगीरों को परेशानी हो रही है। इस मार्ग से सटे जमुआर घाट पर बने अंत्येष्टि व पर्यटन स्थल पर आने वालों को कूड़े की दुर्गंध झेलनी पड़ती है।
दो वर्ष पहले नगर पालिका की तरफ से शहर से सटे महरिया गांव के पास कूड़ा निस्तारण केंद्र बनाने का प्रयास भूमि विवाद में उलझ गया। इसके बाद पकड़ी के पास डेढ़ बीघा से अधिक भूमि तलाश कर डंपिंग ग्राउंड बनाने के साथ एमआरएफ सेंटर बनाने का कार्य शुरू हुआ, जो 90 फीसदी पूरा हो चुका है, लेकिन यहां भी भूमि विवाद के कारण निर्माण एक वर्ष से ठप है। ऐसे में शहर से प्रतिदिन निकलने वाले कूड़े को कभी सोंहास मार्ग स्थित पिठनी पुल के पास सड़क किनारे डाला जाता है तो कभी पुराने नौगढ़ मार्ग के बगल में। वर्तमान में नगर पालिका कर्मी शहर के कूड़े को पकड़ी के पास निस्तारित कर रहे हैं। शहरवासी केदारनाथ, दीपक और रामवीर का कहना है कि सड़क किनारे डाले गए कूड़े के दुर्गंध से यहां टहलना मुश्किल हो जाता है।
...
कूड़े की छंटनी के बाद होगी रिसाईक्लिंग
पकड़ी के पास निर्मित हो रहे डंपिंग ग्राउंड एवं एमआरएफ सेंटर में सभी तरह के कूड़े का निस्तारण होगा। पहले कूड़े की छंटनी होगी। इसके बाद सड़ने वाले कूड़े से खाद बनाई जाएगी और प्लाटिक कचरे की मशीन से रिसाईक्लिंग की जाएगी। नगर पालिका की तरफ से मंडी समिति परिसर में भी दो मशीनें लगाने का प्रस्ताव है।
...
कोट
पकड़ी के पास निर्मित हो रहे डंपिंग ग्राउंड एवं एमआरएफ सेंटर संबंधी भूमि विवाद का जल्द निस्तारण कराया जाएगा। इसका संचालन शुरू होने पर शहर के कूड़े की निस्तारण की समस्या समाप्त हो जाएगी।
मुकेश कुमार चौधरी, ईओ, नगर पालिका