- सीएमओ के औचक निरीक्षण में उसका सीएचसी में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं की खुली पोल
- सीएमओ ने अधीक्षक से मांगा स्पष्टीकरण
संवाद न्यूज एजेंसी
उसका बाजार। सीएमओ रजत कुमार चौरसिया के औचक निरीक्षण से बुधवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र उसका बाजार के परिसर में अफरा-तफरी मच गई। अस्पताल के मौजूदा हालत को देख सीएमओ ने अधीक्षक डॉ. एसके पटेल की क्लास लगा दी। मॉनिटरिंग रजिस्टर के निरीक्षण के साथ ही निर्देश दिए कि किसी भी स्टाफ की ऑनलाइन छुट्टी ही मान्य है। ऑनलाइन छुट्टी नहीं लेने पर कर्मचारी को अनुपस्थित मानते हुए कार्रवाई की जाएगी।
सीएमओ ने ओपीडी में डॉक्टरों को निर्देश दिए कि मरीजों के लिए बाहर की दवाएं लिखने से बचें। अस्पताल में मौजूद दवाएं ही लिखें। लेबर रूम, डेंटल रूम, एक्स-रे रूम आदि का निरीक्षण करने के साथ ही वैक्सीन के रख-रखाव की जानकारी ली। फ्रीजर में कौन सी और कितनी मात्रा में वैक्सीन रखी गई है, इसकी जानकारी वहां मौजूद कर्मचारी नही दे सके। औषधि कक्ष के निरीक्षण में चीफ फार्मासिस्ट से दवाइयों की लिस्ट मांगी। सभी डॉक्टर्स को अस्पताल में मौजूद दवाओं की सूची उपलब्ध कराने के लिए कहा।
अधीक्षक को निर्देश दिए कि उसका बाजार बाढ़ प्रभावित क्षेत्र है। बाढ़ के दौरान और खत्म होने के बाद रोगों और रोगियों की संख्या बढ़ जाती है। डाक्टर की आवश्यकता अधिक हो जाती है। इस दौरान किसी को कोई छुट्टी देय नहीं है। बाढ़ से निपटने की तैयारी कर लें और किसी भी विपरीत स्थिति के लिए सतर्क रहें। इस दौरान बीपीएम मनीष पांडेय, रमेश कुमार, राजेश सिंह आदि मौजूद रहे।
सीएमओ से महिला मरीज ने की शिकायत
मगंलवार की रात प्रसव पीड़ा के बाद अस्पताल में भर्ती हुई सोहांस क्षेत्र के बंजरहा निवासी मोहम्मद यासिर की पत्नी जैनब खातून ने जननी सुरक्षा वार्ड के निरीक्षण के दौरान सीएमओ से खाना नहीं मिलने की शिकायत की। इस पर सीएमओ ने अधीक्षक को फटकार लगाई। आनन-फानन में उसे खाना उपलब्ध कराया गया।
व्यवस्था से खिन्न दिखे सीएमओ
औचक निरीक्षण करने आए सीएमओ रजत कुमार चौरसिया सीएचसी उसका की मौजूदा हालात से खिन्न दिखे। उन्होंने अधीक्षक डॉ. एसके पटेल को व्यवस्था सुधारने के लिए निर्देश दिए। साथ ही कमियों के सापेक्ष स्पष्टीकरण भी मांगा है। कहा कि वह भविष्य में रात्रि में भी निरीक्षण करेंगे।