सिद्धार्थनगर। कपिलवस्तु थाना क्षेत्र के सिद्धार्थनगर कपिलवस्तु मार्ग पर शनिवार दोपहर करीब तीन बजे अराजक तत्वों ने विश्वविद्यालय की बस रोक दी। बाहरी युवकों के बस में चढ़ने के दौरान छात्राओं ने विरोध जताया तो वे उनके के साथ बदसलूकी करने लगे। इस मामले में विश्वविद्यालय के मुख्य नियंता के कपिलवस्तु थाने में शिकायत दर्ज कराई है, जबकि पुलिस अधीक्षक के मोबाइल नंबर पर भी शिकायत की प्रति भेजी है।
विश्वविद्यालय के बस ड्राइवर के अनुसार विश्वविद्यालय परिसर से शहर की ओर जा रही बस को करीब पांच युवाओं ने नहर के पास रास्ते में रोक ली। मोटर साइकिल से पीछा करके पांच युवाओं ने बस रोकी थी और ड्राइवर से गाली गलौज की। इसी दौरान तीन लोग और आ गए। जब वे बस में चढ़ने लगे तो छात्राओं ने रोका तो उन्होंने उनके साथ भी अभद्र व्यवहार किया। हालांकि, बाद में ड्राइवर से सूझबूझ से गाड़ी आगे बढ़ा ली और ड्राइवर ने छात्राओं को शहर के साड़ी तिराहे पर पहुंचाकर वापस आने के बाद मुख्य नियंता से शिकायत की। बताया जा रहा है कि 44 सीटर में 36 छात्राएं सवार थीं। इस मामले में सीओ अखिलेश वर्मा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
-
डर गईं थीं छात्राएं
नहर के पास निर्जन स्थान पर बस रोके जाने और गाली गलौज एवं ड्राइवर को मारने की कोशिश की घटना से छात्राएं डर गई थीं। छात्राएं घर पहुंची तो अभिभावकों ने भी विश्वविद्यालय में बात की। विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार छात्राओं की सुरक्षा और सुविधा के लिए विश्वविद्यालय ने विशेष रूप से बस की व्यवस्था की है।
शिक्षकों को भी घेरा था
नहर के पास ही 15 दिन पहले युवाओं ने ओवरटेक करने के विवाद में वाणिज्य संकाय के शिक्षक को घेरा था। उस समय कार में उनकी पत्नी व बच्चे भी थे, लेकिन कार लॉक थी और रुकने की कोशिश करते हुए उन्होंने गाड़ी आगे बढ़ा ली। इस मामले में कपिलवस्तु थाने में शिकायत हुई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
वर्जन
छात्राओं से भरी विश्वविद्यालय की बस रोकने और अभद्रता करने की शिकायत मैंने कपिलवस्तु थाना में की है, जबकि पुलिस अधीक्षक को भी तहरीर की प्रति भेजी है। फिलहाल इस मामले में पुलिस ने मुझसे कोई जानकारी नहीं ली है।
-प्रो. दीपक बाबू, मुख्य नियंता
-
सिद्धार्थ विश्वविद्यालय की बस को रोककर छात्राओं से अभद्रता करने का मामला मेरे संज्ञान में नहीं है। इस मामले की जांच की जाएंगी, जो भी दोषी होगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
-अभिषेक अग्रवाल, पुलिस अधीक्षक