नवीन मंडी मार्ग का निर्माण कार्य चालू। संवाद
सिद्धार्थनगर। गड्ढे में तब्दील हो चुके नवीन मंडी मार्ग के निर्माण के दौरान वाहनों के रूट डायवर्ट हुए तो शहर को जाम से निजात मिली है। इससे साफ हो गया कि अगर शहर के बाहर रिंग रोड का निर्माण हो जाए तो लोगों को जाम की समस्या से स्थायी राहत मिल जाएगी। नवीन मंडी मार्ग के निर्माण के चलते अभी एक सप्ताह तक इस मार्ग पर रूट डायवर्जन रहेगा।
शहर के प्रमुख मार्गों में शामिल नवीन मंडी मार्ग पिछले पांच वर्ष से मरम्मत नहीं होने के कारण गड्ढे में बदल चुका था। यहां तक कि इस सीसी मार्ग के गड्ढों के बीच से सरिया बाहर निकल आई थी। जिससे वाहन चालकों के साथ हादसे की आशंका बनी रह रही थी। नगर पालिका की तरफ से वर्तमान में 40 लाख रुपये की लागत से इस मार्ग पर तीन सौ मीटर सीसी सड़क और नाली का निर्माण हो रहा है। जिससे इस मार्ग को बंद कर नवीन मंडी तक प्रतिदिन तीन सौ से अधिक वाहनों के आवागमन के लिए रूट डायवर्जन किया गया है। इनमें छोटे वाहनों का आवागमन प्रतिदिन थरौली मोहल्ले से होते हुए मंडी आवागमन हो रहा है। जबकि बड़े वाहन देर रात से सुबह भोर तक अशोक मार्ग से होते हुए रेलवे ओवरब्रिज से पेट्रोल पंप तिराहा व स्टेशन रोड होते हुए नवीन मंडी पहुंच रहे हैं। इन वाहनों के रूट डायवर्जन से शहर में जाम की स्थिति पर नियंत्रण हुआ है। शहरवासी दीपक कुमार कहते है कि अगर नवीन मंडी समेत अन्य स्थानों पर जाने वाले बड़े वाहनों के लिए रिंग रोड बन जाए तो शहर में जाम की समस्या से राहत मिलेगी।
-
लोकसभा में उठा था मामला
सांसद जगदंबिका पाल ने शहर के बाहर रिंग रोड के निर्माण का मामला लोकसभा में उठाया था। उन्होंने शहर के साथ जिले में आवागमन सुविधा दुरुस्त करने के लिए रिंग रोड निर्माण की जरूरत बताई थी। सांसद ने शहर के बाहर से रिंग रोड बनाकर नौगढ़-गोरखपुर मार्ग, तेतरी सोहांस मार्ग व नौगढ़ बर्डपुर मार्ग को जोड़ने की योजना प्रस्तावित की थी। सांसद ने कहा कि वह केंद्रीय सड़क निर्माण विभाग व प्रांतीय सड़क निर्माण विभाग के मंत्री को पत्र देने के साथ कार्रवाई के लिए अनुरोध किया है।
एक सप्ताह और बंद रहेगा मार्ग
निर्माणाधीन नवीन मंडी मार्ग एक सप्ताह तक और बंद रहेगा। इस बीच कई वाहन चालक रूट डायवर्जन की जानकारी नहीं होने के कारण निर्माण स्थल के पास पहुंचकर वापस लौटते है। यहां तक कि प्रतिदिन सैंकड़ों बाइक और साइकिल सवार निर्माण स्थल पर पहुंचने के बाद वापस लौटने को मजबूर होते हैं। ईओ मुकेश कुमार चौधरी ने बताया कि अभी यह निर्माणाधीन सड़क एक सप्ताह से अधिक समय तक बंद रहेगी।