शोहरतगढ़। सिद्धार्थनगर क्रिकेट एसोसिएशन की ओर से आयोजित वीरेंद्र ग्रामीण स्टेडियम शोहरतगढ़ के मैदान पर गौतम बुद्ध आल इंडिया क्रिकेट टूर्नामेंट सीजन दो के चौथे दिन शनिवार को दो मैच खेले गए। पहले मैच में वाराणसी ने लखनऊ को छह विकेट से हराया। दूसरे मैच में उत्तराखंड ने गाजियाबाद को पांच विकेट से शिकस्त देकर क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई। अर्धशतकीय पारी खेलने वाले वाराणसी के सत्यम व उत्तराखंड के चंपावत के आलराउंडर हर्ष राणा को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
टॉस जीतकर वाराणसी के कप्तान नीरज ने लखनऊ को बल्लबाजी का आमंत्रण दिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए लखनऊ की टीम ने निर्धारित 20 ओवर में पांच विकेट खोकर 175 रन बनाए। शार्दुल त्रिपाठी ने बाद 65, प्रियांशु पांडेय ने 43 व अतुल सिंह ने 27 रनों का योगदान दिया। वाराणसी की तरफ से नीरज व बंटी ने दो दो व उज्ज्वल ने एक विकेट लिए।
बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी वाराणसी की शुरुआत अच्छी रही। आतिशी बल्लेबाजी करते हुए सत्यम ने 54 रन बनाए। विकास व भास्कर ने 40-40 रन बनाए। वाराणसी ने लक्ष्य हासिल कर लिया। लखनऊ की तरफ से हिमांशु ने दो अनुज व अभिषेक ने एक-एक विकेट लिए।
दूसरे मुकाबले में टास जीतकर गाजियाबाद के कप्तान ने पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लिया। निर्धारित 20 ओवर में छह विकेट खोकर 136 रन बनाए। गाजियाबाद की तरफ से पीयूष कुमार ने 56, निखिल यादव ने 18 रन का योगदान दिया। चंपावत की तरफ से मोहित ने दो विकेट चटकाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी चंपावत की टीम ने 18.5 ओवर में पांच विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। अभिषेक प्रताप ने 30 रन का योगदान दिया। हर्ष राणा नाबाद 39, मोहम्मद जीशान नाबाद 30 रन बनाए। गाजियाबाद की तरफ से निखिल व अंकित यादव ने दो-दो विकेट लिया। विवेकानंद मलिक, आशीष चौधरी अंपायर, गंगेश्वर कुशवाहा स्कोरर व धर्मेंद्र सिंह कमेंट्रेटर की भूमिका निभाई।
इस अवसर पर सिद्धार्थनगर क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष उमेश प्रताप सिंह, उपाध्यक्ष श्याम सुंदर चौधरी, चेयरमैन पति रवि अग्रवाल, विवेक मणि त्रिपाठी, रवि सिंह आदि मौजूद रहे।