पीडि़त की तहरीर पर पुलिस ने दर्ज किया केस
घटनाक्रम का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर किया गया था वायरल
सिद्धार्थनगर। वृद्ध को थुककर चटाने, गले में चप्पल की माला और चेहरे पर कालिख पोतकर घुमाने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पीड़ित की शिकायत पर शुक्रवार को केस दर्ज किया और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। थाने पर लाकर पूछताछ करने के बाद न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आया था।
क्षेत्र के तिघरा घाट गांव के एक वृद्ध ने गोल्हौरा पुलिस को शिकायती पत्र देकर आरोप लगाया कि उसके साथ कुछ लड़कों ने दुर्व्यवहार किया है। तहरीर के आधार पर गोल्हौरा पुलिस ने छवि धूमिल करने, वृद्ध से दुर्व्यवहार सहित अन्य धारा में केस दर्ज कर लिया। इसके बाद जफर, अमन, अखिलेश साहनी पुत्र रामानंद साहनी निवासी तिघराराय थाना गोल्हौरा, घनश्याम तिवारी उर्फ मुरलिया बाबा निवासी रमवापुर थाना पथरा बाजार को अलगअलग स्थान से गिरफ्तार कर लिया गया। इस संबंध में सीओ इटवा जयराम ने बताया कि पीडि़त की ओर से मिले तहरीर के आधार सुसंगत धारा में केस दर्ज किया गया। इसके बाद पुलिस ने चारों को गिरफ्तार करके न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।