डुमरियागंज। खनन की जांच करने गए नायब तहसीलदार की गाड़ी को जेसीबी से टक्कर मारकर जान लेने के प्रयास के मामले में भवानीगंज पुलिस ने बड़ी कार्रवाई है। नायब तहसीलदार की तहरीर पर पुलिस ने रविवार को दो आरोपियों पर हत्या के प्रयास, अवैध खनन सहित अन्य धारा में तीन के खिलाफ केस दर्ज किया, जिसमें दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। थाने पर लाकर पूछताछ करने के बाद न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
नायब तहसीदार डुमरियागंज महबूब आलम के मुताबिक शनिवार को वह अपने राजस्व कर्मियों के साथ वसूली पर गए थे। इसी दौरान ट्रॉलियों पर मिट्टी लदी निकलता देखा। इसके बाद बनगंवा नानकार गांव में खनन वाले स्थल पर पहुंचे। जहां खनन से संबंधित कागजात मांगने पर कगजात दिखाने के बजाए गाड़ी लेकर भागने लगे, जिसका पीछा करने के दौरान जान से मारने की नीयत से गाड़ी में जेसीबी से टक्कर मार दिया। इससे गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गई। मैं और राजस्वकर्मी बच गए। नहीं तो बड़ी अनहोनी हो सकती थी। इसके बाद बाद पुलिस को सूचना दी गई।
भवानीगंज पुलिस ने घेराबंदी की तो चालक ने जेसीबी मशीन भड़रिया चौराहे के पास छोड़कर फरार हो गया। राजस्व कर्मियों के मदद से जेसीबी मशीन को डुमरियागंज तहसील परिसर में लाया गया। जिसे रविवार को भवानीगंज पुलिस को कार्रवाई के लिए सुपुर्द कर दिया गया। नायब तहसीलदार को तहरीर देकर कार्रवाई करने की मांग की।
जेसीबी व ईट भट्ठा मालिक गिरफ्तार
मिले तहरीर के आधार पर जेसीबी मालिक मोहम्मद मोबिन खा निवासी धौरहरा थाना सोनहा जनपद बस्ती और ईट भट्ठा मालिक मो. सईद मलिक निवासी मिश्रौलिया थाना डुमरियागंज के खिलाफ हत्या के प्रयास, अवैध खनन, साजिश के तहत हमला करने, सरकारी काम में बाधा सहित अन्य धारा में केस दर्ज किया गया। इस मामले में आरोपी अज्ञात चालक फरार चल रहा है।
पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार करके न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। इस संबंध में सीओ डुमरियागंज सुजीत राय ने बताया कि नायब तहसीलदार महबूब आलम के तहरीर पर दो आरोपियों पर हत्या के प्रयास सहित अन्य धारा में केस दर्ज करके गिरफ्तार कर लिया गया, उन्हें जेल भेज दिया गया है। वहीं, जेसीबी मशीन का कोई भी कागज नहीं मिलने पर उसे भी सीज कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। हालांकि, फरार चालक वीडियो के माध्यम से आरोप लगाया था कि मौके पर पहुंचे नायब तहसीलदार 10 हजार रुपये रिश्वत मांग रहे थे।
-
वर्जन
बनगवां नानकार में मिट्टी खनन के मामले के मामले में केस दर्ज किया गया है। नायब तहसीलदार को गाड़ी से कुचलने की कोशिश और वीडियो में चालक के रिश्वत के आरोप के मामलों की जांच की जा रही है। जो दोषी होगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
पवन अग्रवाल, जिलाधिकारी