धान खरीद में घोटाला, भारतीय खाद्य निगम तक नहीं पहुंचा 6372.894 मैट्रिक टन धान
संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। जिले में धान खरीद में 11 करोड़ रुपये से अधिक के घोटाले का मामला सामने आया है। पीसीएफ के क्षेत्रीय प्रबंधक बस्ती मंडल विजय कुशवाहा की तहरीर पर सदर थाने की पुलिस केस दर्जकर छानबीन में जुट गई है। मामले में डीएम के निर्देश पर एडीएम की अध्यक्षता में जांच हुई थी, जिसमें गबन की पुष्टि होने के बाद पीसीएफ के जिला प्रबंधक अमित कुमार चौधरी एवं भुगतान अधिकारी सहायक गणक) उमानंद उपाध्याय के विरुद्ध सरकारी धन के गबन का केस दर्ज हुआ है।
क्रय एजेंसी पीसीएफ की ओर से जनपद सिद्धार्थनगर में वर्ष 2023-24 में धान क्रय किया गया था। जिसके क्रम में वर्ष 2023-24 में नवंबर 2023 से 29 फरवरी 2024 तक धान खरीद हुई। जिसमें कुल धान खरीद मात्रा 51116.230 मैट्रिक टन के सापेक्ष 44038.518 मैट्रिक टन धान ही संबद्ध राइस मिलों को संप्रदान कराया गया। जबकि इस अवधि में समस्त धान का प्रेषण करते हुए कस्टम चावल की डिलीवरी भारतीय खाद्य निगम में किया जाना था। लेकिन जिला प्रबंधक पीसीएफ अमित कुमार चौधरी एवं भुगतान अधिकारी (सहायक गणक) उमानंद उपाध्याय की ओर से 6372.894 मैट्रिक टन धान का प्रेषण नहीं कराने के कारण कुल 110906581 रुपये के शासकीय धन का गबन किया गया। इसके संबंध में जिलाधिकारी ने एडीएम की अध्यक्षता में टीम गठित कर मामले की जांच कराई जिसमें गबन की पुष्टि हुई। जिसके बाद पीसीएफ के क्षेत्रीय प्रबंधक बस्ती मंडल विजय कुशवाहा ने पुलिस को तहरीर देकर आरोप लगाया कि सरकारी धन के गबन में संबंधित दोषी अधिकारी एवं कर्मचारी पर केस दर्ज करने को कहा था। एसओ सदर संतोष तिवारी का कहना है कि सरकारी धन के गबन मामले में केस दर्ज कर मामले की छानबीन की जा रही है। जांच में दोषी पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
पांच वर्ष से जिले में तैनात है जिला प्रबंधक
क्षेत्रीय प्रबंधक पीसीएफ विजय कुशवाहा ने बताया कि धान क्रय की व्यवस्था एवं संचालन एवं शासकीय क्रय नीति के परिपालन के लिए पीसीएफ प्रबंधक अमित कुमार चौधरी एवं भुगतान अधिकारी (सहायक गणक) उमानंद उपाध्याय जिले में पांच वर्ष से तैनात है। पीसीएफ के जिला प्रबंधक अमित कुमार चौधरी महराजगंज जिले के पुरंदरपुर थाना क्षेत्र के ग्राम समरधीरा के निवासी है। वहीं भुगतान अधिकारी (सहायक गणक) उमानंद उपाध्याय निवासी आलोक नगर, नियर दमयंती आटा चक्की, कंचना बिहार मार्ग, कल्यानपुर जनपद लखनऊ के रहने वाले है।