नपं डुमरियागंज के आजाद नगर का मामला
संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। नगर पंचायत डुमरियागंज के आजाद नगर वार्ड में सरकारी रास्ते की जमीन पर लगे पुराने खड़े हरे पेड़ को काटने के मामले में ईओ की तहरीर पर पुलिस ने सभासद के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया है।
पुलिस के दिए तहरीर में ईओ ने बताया कि सभासद सुबराती ने अपने अन्य सहयोगियों के साथ पुराने हरे पेड़ का बिना अनुमति के कटवा दिया। पेड़ काटे जाने की सूचना पर नगर पंचायत कर्मचारी को मौके पर भेजा गया, बावजूद इसके पेड़ को काट दिया गया। नगर पंचायत की जमीन पर लगे पेड़ को काटा जाना सरकारी संपत्ति का नुकसान है। इस संबंध में एसओ मुकेश राय ने बताया कि मिली तहरीर के आधार पर उक्त मामले में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।