मुख्य डाकघर तेतरी बाजार में पासपोर्ट बनवाने वाले अभ्यर्थियों काे छूटा पसीना
संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। मुख्य डाकघर तेतरी बाजार में सोमवार को पासपोर्ट के लिए फोटो खिंचवाने के लिए आए अभ्यर्थियों का सब्र उस वक्त टूट गया, जब कर्मी निर्धारित समय से लगभग तीन घंटे बाद पहुंचा। अभ्यर्थियों का काम करने और उनसे सही से बात करने की बजाय, पूछने पर आक्रोशित हो गया। इससे अभ्यर्थी भी आक्रोशित हो गए। पोस्टमास्टर के मामले में हस्तक्षेप करने के बाद मामला शांत हुआ और फिर कार्य शुरू हुआ। तब जाकर लोगों ने राहत की सांस ली।
दअसल, जिले में पासपोर्ट बनाने का कार्य शुरू हो गया है। मुख्य डाकघर फोटो खिंचवाने सहित अन्य प्रक्रियाएं पूरी की जाती हैं। इसके लिए अभ्यर्थियों को ऑनलाइन माध्यम से ही तिथि और समय मिलता है। तय समय पर ही अभ्यर्थी पहुंचकर फोटो खिंचवाने सहित अन्य प्रक्रिया पूरी करते हैं। इसमें जिले के हर कोने से अभ्यर्थी आते हैं। सोमवार को भी जिनको ऑनलाइन माध्यम से समय मिला था, वे आए थे। लेकिन सुबह नौ बजे खुलने वाले काउंटर पर लगभग तीन घंटे यानी नौ से 12 बजे तक तैनाती कर्मी नहीं पहुंचा था। ऐसा अभ्यर्थियों ने आरोप लगाया।
अभ्यर्थियों का कहना था कि एक तो कर्मी देर से पहुंचा और बनाने की बजाय पूछने पर आक्रोशित हो गया। कहा कि यह कर्मचारी अक्सर देर से आते हैं। इससे बहुत परेशान होना पड़ता है।
हालांकि, अभ्यर्थियों की समस्या के बारे में जानकारी मिलते ही पोस्टमास्टर मौके पर पहुंचे और समझाकर जल्द काम होने का भरोसा दिलाया। इसके बाद अभ्यर्थी माने और बनाए जाने की प्रक्रिया शुरू हुई।
डुमरियागंज से आए रफीक अंसारी, कठेला से आए अमित सोनी और बिस्कोहर से आए दिनेश ने बताया कि नौ से 10 बजे के बीच हम लोगों काे समय मिला था। मुख्यालय से 80 किलोमीटर दूर घर है। सुबह आठ बजे ही बिना खाए आ गए, ताकि काम हो सके, लेकिन यहां पहुंचने पर मनमानी की जा रही है। हमें परेशान किया जा रहा है। अक्सर यहां पर तैनात कर्मचारी देर से आते हैं। अधिकारी ध्यान नहीं देते हैं।
इस संबंध में पोस्टमास्टर एआर खान ने बताया कि हर अभ्यर्थी का काम होता है। उस पटल पर तैनात कर्मी घर गए थे। आने में थोड़ा विलंब हो गया है। सभी अभ्यर्थियों का काम कराया गया है।