सिद्धार्थनगर। सिद्धार्थ विश्वविद्यालय की ओर से चलने वाली बस के चालक और छात्राओं से दुर्व्यवहार के मामले में कपिलवस्तु कोतवाली की पुलिस ने सोमवार को दो अज्ञात पर केस दर्ज करके मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना शनिवार को शाम थाना क्षेत्र के सिद्धार्थनगर कपिलवस्तु मार्ग हुई थी।
सिद्धार्थ विश्वविद्यालय कपिलवस्तु का बस चालक शनिवार की शाम साढ़े तीन बजे बस से छात्राओं को लेकर नौगढ़ जा रहा था। अभी वह बमुश्किल एक किमी दूर ही गया होगा कि बाइक से आए लोगों ने बस को ओवरटेक कर जबरन बस में चढ़ने की कोशिश करने लगे। चालक का आरोप था कि उसने उन्हें रोका तो वह लोग हाथापाई पर उतर आए और छात्राओं के साथ भी बदसलूकी की। हालांकि इस दौरान सूझबूझ से गाड़ी आगे बढ़ा ली और छात्राओं को शहर के साड़ी तिराहे पर पहुंचाकर वापस आने के बाद मुख्यनियंता से शिकायत की। वहीं, मामले की जानकारी होते ही विश्वविद्यालय प्रशासन ने पत्र भेजकर मामले की जानकारी एसओ, सीओ व एसपी को दी। मामले में सोमवार को विवि के बस ड्राइवर रोहित यादव की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात बाइक सवार के खिलाफ धारा मारपीट करने सहित अन्य धारा में केस दर्ज करके मामले की जांच शुरू कर दी है। कपिलवस्तु कोतवाली प्रभारी ज्ञानेंद्र कुमार राय ने बताया कि तहरीर के आधार पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। सीओ सदर अखिलेश वर्मा ने बताया कि ओवरटेक करने को लेकर बस ड्राइवर व अज्ञात बाइक चालक के बीच हाथापाई हुई थी। मामले में केस दर्ज कर जांच की जा रही है।