डुमरियागंज। सड़क पर चलने वाले नगरवासियों की जान हमेशा खतरे में बनी रहती है। इसका कारण है खुलेआम छुट्टा घूम रहे सांड़। सरकार द्वारा क्षेत्र में जगह-जगह गोवंशीय पशु सहित मवेशियों को रहने और उनके चारा पानी पर लाखों रुपया प्रति माह खर्च किया जा रहा है।
इसके बावजूद जिम्मेदारों की लापरवाही के चलते खुलेआम छुट्टा पशु नगर सहित तहसील क्षेत्र में धमाचौकड़ी मचा रहे हैं। इनसे अन्नदाताओं की खून पसीने से तैयार की जा रही फसल भी बर्बाद हो रही है। डुमरियागंज नगर स्थित परिवहन निगम के बस स्टेशन गेट पर सोमवार की दोपहर करीब 1:30 बजे एक साथ चार से पांच सांड झुंड में आ गए। उन्होंने वहां की सड़क पर अपना कब्जा जमा लिया।
समस्या संज्ञान में आई है। छुट्टा घूम रहे सांड़ और मवेशियों को पकड़वाकर शाहपुर स्थित गोशाला में पहुंचाने के लिए नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी को निर्देशित किया जाएगा।
-प्रवीद्र कुमार, एसडीएम