अलीगढ़वा में अतिक्रमण पर चला बुलडोजर
तहसील प्रशासन ने एक माह पहले अतिक्रमणकारियों को दिया था नोटिस
सिद्धार्थनगर। भारत-नेपाल सीमा के कस्बा अलीगढ़वा में अतिक्रमण पर प्रशासन का बुलजोजर चला, यहां अवैध कब्जा कर निर्मित मकानों, दुकानों को ध्वस्त करा दिया गया। अतिक्रमण हटाने के लिए एक महीने पहले पीडब्ल्यूडी ने नोटिस दिया था, लेकिन लोगों ने स्वेच्छा से अवैध कब्जा नहीं हटाया। एसडीएम प्रदीप कुमार यादव ने बताया कि अतिक्रमण के जो भी मामले होंगे, उसे निस्तारित करते हुए सरकारी भूमि खाली कराई जाएगी।
अतिक्रमण के कारण अलीगढ़वा कस्बे की सड़कें सिकुड़ गई थीं, अतिक्रमण हटाने के नोटिस देने के बाद भी खाली नहीं किए जाने पर प्रशासन ने कार्रवाई की। राजस्व, पुलिस, पीडब्ल्यूडी की टीम के साथ एसडीएम सदर प्रदीप कुमार यादव एवं सीओ सदर प्रदीप यादव के नेतृत्व में मंगलवार सुबह आठ बजे से पांच बुलडोजरों ने शाम तक अतिक्रमण धवस्त कर दिया। इस दौरान कुछ स्थानों पर लोगों ने आपत्ति जताई, लेकिन प्रशासन ने जरूरी अभिलेख के अभाव में अतिक्रमण की कार्रवाई नहीं रोकी। इस अवसर तहसीलदार सदर राम ऋषि रमन, राजस्व निरीक्षक शीतल प्रसाद द्विवेदी, क्षेत्रीय लेखपाल शशांक सौरभ, दुर्गेश पांडेय, रामकरन गुप्ता, अवनीश त्रिपाठी, एई पीडब्ल्यूडी सीपी सिंह, जेई रवींद्र यादव, थानाध्यक्ष कपिलवस्तु सूर्य प्रकाश सिंह, प्रभारी निरीक्षक मोहाना संतोष सिंह, एसआई दिलीप यादव आदि मौजूद थे।