- दर्जनों जानवरों की बिगड़ी तबीयत
संवाद न्यूज एजेंसी
उसका बाजार। थाना क्षेत्र के अजिगरा गांव में पशु विभाग की टीकाकरण टीम को शुक्रवार को ग्रामीणों ने घेर कर हंगामा किया। क्योंकि, इसी गांव के परमेश्वर यादव की भैंस गला घोंटू टीका लगने के कुछ देर बाद मर गई। इसके अलावा अन्य ग्रामीणों के पशुओं की तबियत भी टीका लगने के बाद बिगड़ने लगी। इससे ग्रामीणों में दहशत और रोष फैल गया। मौके पर पुलिस और विभागीय उच्च अधिकारी ने पहुंचकर मृत भैंस का पोस्टमार्टम कराया।
जानकारी के अनुसार पशुओं को जैसे ही गला घोटू का टीका लगा, कुछ देर बाद परमेश्वर यादव की भैंस के मुख से झाग आने लगा और वह मर गई। इसके बाद पशु विभाग की टीम ने अन्य पशु पालकों के घर पहुंच जानवरों को टीका लगाया। जानवरों की एक-एक करके तबीयत बिगड़ती गई, इससे पशुपालक घबरा गए और पीआरवी डायल-112 पर डायल किया। पशुपालक परमेश्वर यादव ने पशु विभाग की टीम पर आरोप लगाते हुए कहा कि बिना बताए ही टीका लगा दिया गया, जिसके बाद से अचानक भैंस की तबीयत बिगड़ गई। भैंस जमीन पर गिर पड़ी और मौके पर मौत हो गई।
इसी तरह पुरुषोत्तम ने बताया कि पशु विभाग की टीम ने उनके भैंस को टीका लगाया, जिसके बाद से भैंस की तबीयत बिगड़ने लगी। उसे पानी से नहलाया गया तब जाकर धीरे-धीरे सुधार हो रहा है। गांव में लगभग दर्जनों जानवरों की तबीयत बिगड़ी है। पशुपालक अपने-अपने जानवरों को पानी से नहलाया और सूती के बोरे को भिगो कर जानवर के ऊपर रख दिया।
मौके पर पहुंचे डिप्टी सीवीओ आरबी यादव ने कहा कि सूचना मिलने पर पहुंचा तो काफी जानवरों की तबियत में सुधार आ गया है। मृत भैंस का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारण का पता चल पाएगा।