शहर के खजुरिया मार्ग पर अतिक्रमण हटाने में बरती जा रही लापरवाही
संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। शहर के खजुरिया मार्ग पर अतिक्रमण हटाने के प्रशासनिक कार्रवाई के बाद लोगों के स्वयं मकान तोड़ने के दौरान हादसे बढ़ गए हैं। सड़क किनारे टूट रहे मकान से ईंट के टुकड़े गिरने से तीन दिन पहले एक युवक का और दो दिन पूर्व एक महिला का सिर फट गया। वहीं शनिवार को जिला पंचायत कार्यालय जा रहे जेई अतिक्रमण के मलबे में पैर फंसने से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
खजुरिया मार्ग पर एक सप्ताह पहले तहसील एवं नगर पालिका की तरफ से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई थी। इस दौरान कुछ लोगों के स्वयं अतिक्रमण हटाने के आश्वासन के बाद उनके घर अथवा दुकान पर बुलडोजर नहीं चला था। इसके बाद से ही लोग स्वयं अतिक्रमण की जद में आए मकान एवं दुकान के हिस्से को तोड़कर हटा रहे हैं, लेकिन इसमें लापरवाही बरतने के कारण राहगीर के चोटिल होने की घटनाएं बढ़ गई है। मोबाइल खरीदने आए पुरानी नौगढ़ निवासी मोहम्मद कमाल (18) बृहस्पतिवार को खजुरिया मार्ग से गुजर रहे थे। इसी बीच सड़क किनारे टूट रहे एक मकान से छिटकर ईंट का टुकड़ा उनके सिर में लग गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजनों ने यहां इलाज कराने के बाद उसे गोरखपुर में भर्ती कराया है। जहां आपरेशन के बाद उसकी हालत स्थिर बनी हुई है।
बृहस्पतिवार को जिला पंचायत में कार्यरत जेई शीतल प्रसाद शर्मा किराए के मकान से पैदल कार्यालय जा रहे थे। वह अभी जिला पंचायत कार्यालय के निकट पहुंचे ही थे कि टूट रहे मकान के गिर रहे टुकड़ों से बचने के लिए सड़क किनारे से जा रहे थे। इसी बीच उनका पैर हटाए गए अतिक्रमण के मलबे में फंस गया और वह नीचे गिर गए। इससे उनके हाथ में गंभीर चोट लग गई। मौके पर मौजूद लोगों ने उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक इलाज के बाद उन्हें लखनऊ रेफर कर दिया गया। स्थानीय लोगों के अनुसार दो दिन पहले खजुरिया मार्ग से गुजर रही एक महिला पर टूट रहे मकान से ईंट का टुकड़ा गिर गया था, जिससे उसके सिर में गंभीर चोट लगी थी। घायल जेई शीतल प्रसाद शर्मा का कहना था कि अगर अतिक्रमण हटाने के दौरान उचित सुरक्षा इंतजाम किए जाते तो हादसे नहीं होते।
मकान टूटने के दौरान लोगों को घायल होने की जानकारी नहीं है। अतिक्रमण के दौरान मार्ग बंद किया जाएगा ताकि कोई चोटिल न हो।
-डॉ. ललित कुमार मिश्र, एसडीएम