व्यापारियों ने कार्रवाई के लिए भेजा शिकायती पत्र
संवाद न्यूज एजेंसी
ढेबरुआ। बढ़नी कस्बे पंजाब नेशनल बैंक के शाखा प्रबंधक की कार्यप्रणाली को लेकर व्यापारियों ने महाप्रबंधक को पत्र लिखकर प्रबंधक पर कार्रवाई करने का मांग की। वहीं, शाखा प्रबंधक ने अपने ऊपर लगाए गए आरोप निराधार बताया है। कहा कि मेरे खिलाफ साजिश रची जा रही है।
उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के नगर अध्यक्ष कन्हैया लाल मित्तल के साथ व्यापारियों ने कस्बे पंजाब नेशनल बैंक के कार्यप्रणाली पर असंतोष व्यक्त करते हुए, शाखा प्रबंधक को हटाने की मांग की है। व्यापारियों ने पीएनबी के महाप्रबंधक को पत्र भेज कर कहा कि पीएनबी बैंक के शाखा प्रबंधक का कार्य और व्यवहार ठीक नहीं है। आए दिन ग्राहकों व खाताधारकों के साथ ठीक से बात नहीं करते हैं।
कन्हैया लाल मित्तल ने आरोप लगाया है कि शाखा प्रबंधक ग्राहकों से उलटा सीधा बोलते है,उनके खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई, तो पीएनबी शाखा बढ़नी से उपभोक्ता खाता बंद करने पर मजबूर होंगे। वहीं, पीनएबी शाखा बढ़नी के प्रबंधक नितिन वर्मा ने बताया कि जो भी व्यापारियों व अन्य लोगों ने मेरे ऊपर आरोप लगाया है, वह निराधार है। शिकायत करने वाले लोगों में बहुत लोग तो महीने एक या दो बार ही आते हैं। कोई भी ग्राहक हो उससे बहुत सरल तरीके से पेश आते हैं।