सिद्धार्थनगर। डुमरियागंज थाना क्षेत्र के पचउथ लतीफपुर गांव के चौराहे पर मंगलवार को सुबह तेज रफ्तार बोलेरो की चपेट में आने से पांच वर्षीय बालक की मौत हो गई। वह अपने दादा के साथ घर से कुछ दूरी पर स्थित दुकान पर जा रहा था, तभी हादसे का शिकार हो गया। पुलिस ने वाहन व चालक को पकड़ लिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। क्षेत्र के पचउथ लतीफपुर गांव निवासी लल्लू का छोटा बेटा दिव्यांश (05) सुबह करीब दस बजे अपने दादा त्रिलोकी के साथ चौराहे पर स्थित दुकान पर जा रहा था। इसी बीच डुमरियागंज की तरफ से आ रहे तेज रफ्तार बोलेरो ने दिव्यांश को रौंद दिया। उसकी मौके पर मौत हो गई।
हादसा देखकर आसपास लोगों ने दौड़कर बोलेरो व चालक को पकड़ लिया। इसके साथ ही घटना की जानकारी डुमरियागंज पुलिस को दी। सूचना पर पंहुची पुलिस गाड़ी व चालक को लेकर थाने चली गई। घटना से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक मुकेश राय ने कहा कि परिजन की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।