सिद्धार्थनगर। माध्यमिक शिक्षा परिषद की ओर से 22 फरवरी से शुरू हो रही बोर्ड परीक्षा से पहले बुधवार को कड़ी सुरक्षा के बीच हाईस्कूल और इंटरमीडिएट का प्रश्नपत्र पहुंचा। प्रश्नपत्रों को अलग-अलग कमरों में सुरक्षित रखवाते हुए पुलिस के देखरेख और सीसी कैमरों के जरिए पैनी नजर रखी जा रही है।
जिला विद्यालय निरीक्षक सोमारू प्रधान ने जीआईसी नौगढ़ पहुंचकर प्रश्नपत्रों को सुरक्षित रखने के लिए निर्धारित कमरों का निरीक्षण किया। प्रश्नपत्रों को सुरक्षित रखने के लिए कई निर्देश भी दिए। डीआईओएस ने बताया कि उत्तर पुस्तिकाओं और प्रश्नपत्रों की सुरक्षा को दृष्टिगत रखते हुए पांच सीसी कैमरों की व्यवस्था की गई है। उन्होंने बताया कि मुख्यालय पर जिला कंट्रोल रूम बनाया गया है। जहां नौ लैपटाॅप के जरिए जनपद के 114 परीक्षा केंद्रों की ऑनलाइन माॅनिटरिंग होगी।
संचालन के लिए बेसिक शिक्षा के सहायक अध्यापक वीरेंद्र शर्मा, मनोज कुमार, महेंद्र कसौधन, अजीत कुमार, सुनील कुमार, उत्कर्ष श्रीवास्तव, विष्णु प्रताप त्रिपाठी, खुर्शीद आलम, प्रवीण कुमार मिश्र, वेद प्रकाश, वैभव श्रीवास्तव, उपेंद्र सिंह, अमित जायसवाल, अरूण कुमार, अनुदेशक हरिशंकर गुप्ता की ड्यूटी लगाई गई है।