जिला अस्पताल में प्रसव कराने के लिए देने पड़े पांच हजार
- दर्जा प्राप्त मंत्री ने मरीज के नंबर पर फोन किया तो छलका तीमारदार का दर्द
- प्रभारी सीएमएस को मामले की जांच के निर्देश दिए
संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। माधव प्रसाद त्रिपाठी मेडिकल से संबद्ध संयुक्त जिला अस्पताल में निरीक्षण करने पहुंचे पूर्वांचल विकास बोर्ड के सदस्य, दर्जा प्राप्त मंत्री बौद्ध अरविंद सिंह पटेल ने मरीजों के मोबाइल नंबर से हालचाल पूछा। एक तीमारदार ने रुपये लेने का आरोप लगाया। बताया कि जिला अस्पताल में ऑपरेशन से प्रसव कराने के लिए उसे पांच हजार रुपये देने पड़े। दर्जा प्राप्त मंत्री ने प्रभारी सीएमएस डॉ. एके झा को जांच के निर्देश दिए।
दर्जा प्राप्त राज्य मंत्री ने इमरजेंसी, वार्ड व पीआईसीयू, एसएनसीयू में सुविधाएं देखी। उन्होंने अस्पताल के रजिस्टर में दर्ज मोबाइल नंबरों के माध्यम से मरीजों से फीडबैक किया। उन्होंने पूछा कि सरकारी अस्पताल में किसी ने रुपये तो नहीं लिया। उसने जवाब दिया कि ऑपरेशन से प्रसव हुआ है, पांच हजार रुपये देने पड़े। छह मरीजों के मोबाइल नंबरों पर बात करने की कोशिश की गई, जिसमें दो मरीजों के परिजन से ही बात हो सकी। कई मोबाइल नंबर गलत होने पर नाराजगी जताई। प्रभारी सीएमएस डॉ. एके झा ने बताया कि स्त्री एवं प्रसुति रोग विशेषज्ञ को नोटिस देकर स्पष्टीकरण मांगा गया है। इस मामले की जांच जाएगी।
चौपाल में सुनी किसानों की बात
धेंसा। नौगढ़ ब्लॉक के ग्राम पंचायत सिरवत में मंगलवार को किसान चौपाल का आयोजन किया गया। बौद्ध अरविंद सिंह पटेल ने सरकारा द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की समीक्षा की और लोगों की समस्याओं का त्वरित निस्तारण करने का निर्देश दिया। बीडीओ अरुण कुमार श्रीवास्तव ने आवास योजना के तहत लोगों को दिए जाने वाले आवास के प्रावधान, शौचालय निर्माण कार्य के साथ अन्य योजनाओं की जानकारी दी। इस दौरान खाद्य एवं रसद विभाग एआरओ बृजेंद्र कुमार, परियोजना निदेशक नागेंद्र त्रिपाठी, सीडीपीओ गौरी शंकर, राधेश्याम उपाध्याय, जीतेंद्र चौधरी, अरुण कुमार मिश्र, अजय शुक्ल, आनंद तिवारी , प्रसून शुक्ल आदि मौजूद रहे।
बांसी में अस्पताल और कोतवाली का किया निरीक्षण
बांसी। पूर्वांचल विकास बोर्ड के सदस्य बौद्ध अरविंद सिंह पटेल ने मंगलवार को पीएचसी व कोतवाली का निरीक्षण कर खामियों को दूर करने के निर्देश दिए। उन्होनें स्टॉक रूम, इटीसी, एमरजेंसी वार्ड और निर्माण हो रहे अस्पताल भवन को देखा। ठेकेदार को निर्माण कार्य में तेजी लाने को कहा और खिड़की के ऊपर ग्रिल लगाने के निर्देश दिए। इसके बाद कोतवाली परिसर में पहुंचकर फरियादियों से पूछताछ की। जोगिया के कटहना पीएचसी में निरीक्षण करने पहुंचे बोर्ड सदस्य से स्थानीय लोगों ने शिकायत की कि अस्पताल में महिला चिकित्सक होने के बावजूद भी वहां प्रसव की सुविधा नहीं है। इस दौरान सीओ देवी गुलाम सिंह, तहसीलदार संजीव दीक्षित, प्रभारी कोतवाल आरके सेंगर, प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. आरके सिंह, डॉ. अश्वनी चौधरी, डॉ. मनोज कुमार चौधरी, डॉ.ओंकार नाथ जयसवाल, फार्मासिस्ट रतनशंकर चौधरी, राधेश्याम उपाध्याय आदि मौजूद रहे।