सीडीपीओ पर धन उगाही का आरोप, होगी जांच
- लोटन ब्लॉक के सैनुआ गांव का मामला
संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। लोटन ब्लॉक के ग्राम सैनुआ की आंगनबाड़ी कार्यकर्ता मिथिलेश त्रिपाठी ने सीडीपीओ पर धन उगाही करने का आरोप लगाते हुए मुख्यमंत्री एवं डीएम से शिकायत की है।
उसका कहना है कि पति की बीमारी में छुट्टी लेने पर सीडीपीओ ने मनमाने तरीके से उसके विरूद्ध कार्रवाई की है। डीएम संजीव रंजन ने कहा कि शिकायती पत्र के आधार पर जांचकर कार्रवाई की जाएगी।
सैनुआ प्रथम की आंगनबाड़ी कार्यकर्ता मिथिलेश त्रिपाठी ने मुख्यमंत्री को भेजे शिकायती पत्र में बताया है कि उसके पति बीमार थे, तब उनके इलाज एवं सेवा के लिए अवकाश लिया था। इसी बीच सीडीपीओ ने उसका चार्ज किसी दूसरे को सौंप दिया। साथ ही प्रति माह तीन हजार रुपये की मांग करने लगे, जिसे नहीं देने पर मानदेय बाधित कर दिया गया।
उन्होंने आरोप लगाया कि सीडीपीओ ने धमकी दी है कि उसे पैसा नहीं देने पर नौकरी से निकलवा देंगे और विपक्षी से मिलकर बर्बाद कर देंगे। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता ने मामले की जांचकर उसका मानदेय लगवाने, चार्ज वापस करने के साथ ही संबंधित सीडीपीओ के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए उसके स्थानांतरण की मांग की है।
इस संबंधी सीडीपीओ लोटन मुहम्मद अरशद के नंबर पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन फोन नहीं रिसीव किया गया। उनका पक्ष मिलने पर बाद में प्रकाशित किया जाएगा।