लोकसभा में जल जीवन मिशन पर संबोधित करते सांसद जगदंबिका पाल विज्ञप्ति
सिद्धार्थनगर। भाजपा सांसद जगदंबिका पाल ने बृहस्पतिवार को लोकसभा में प्रश्न काल के दौरान जलशक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत से जल जीवन मिशन योजना पर प्रश्न पूछा। सांसद ने मिशन के तहत लगाए जा रहे पाइप और नल के रख-रखाव की जिम्मेदारी के मुद्दे पर सवाल पूछा। जिस पर मंत्री ने कहा कि अगले 10 वर्षों तक रखरखाव की जिम्मेदारी, जल कनेक्शन स्थापित करने वाली कंपनी की है। इसके अतिरिक्त सांसद ने मंत्री से पानी का कनेक्शन स्थापित करने वाली कंपनियों द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में सड़कों को अनुचित तरीके से बंद करने के मुद्दे पर भी सवाल पूछा, जिसके परिणाम स्वरूप आम जनता को दिन-प्रतिदिन समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।
मंत्री ने बताया कि चूंकि पानी राज्य विषय होने के नाते राज्यों के अधिकार क्षेत्र में है, इसलिए योजना की जिम्मेदारी अलग-अलग राज्यों में अलग-अलग है। हालांकि, मंत्री ने कहा कि अगर सांसद उन्हें ऐसे किसी मुद्दे पर अवगत कराते हैं तो मंत्री उस मुद्दे को राज्य सरकार के समक्ष उठाएंगे। उत्तर प्रदेश में योजना की सफलता के बारे बताते हुए कहा कि मिशन के अस्तित्व में आने से पहले, प्रदेश में केवल एक प्रतिशत घरों में पानी का कनेक्शन था जो अब 54 फीसदी हो गया है। संवाद