- डुमरियागंज क्षेत्र के बेवा मुस्तफा में हुआ हादसा
- घायल बेंवा सीएचसी से जिला अस्पताल बस्ती रेफर
संवाद न्यूज एजेंसी
भारतभारी। डुमरियागंज क्षेत्र के बेंवा मुस्तफा गांव के पास शनिवार की दोपहर में दो बाइकों में आमने-सामने टक्कर हो गई। इसमें एक वृद्ध की मौत हो गई, जबकि चार अन्य घायल हो गए। घायलों को ग्रामीणों की मदद से उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बेंवा पहुंचाया गया। जहां से चिकित्सकों ने हालत गंभीर देखते हुए जिला चिकित्सालय बस्ती रेफर कर दिया। जहां उसकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है।
बलरामपुर जनपद के उतरौला थाना क्षेत्र के महुआ धानी निवासी निजामुद्दीन उर्फ निजाम (उम्र-65 वर्ष) गांव के दोस्त मोहम्मद (उम्र-50 वर्ष) पुत्र अली हसन के साथ बाइक से शनिवार की दोपहर बेंवा अस्पताल में दवा लेने आए थे। घर लौटते समय बेंवा मुस्तफा गांव के पास पहुंचे थे कि भरड़िया की तरफ से एक बाइक पर तीन बाइकसवार युवक आ रहे थे। जिनकी आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में निजामुद्दीन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दोस्त मोहम्मद, अजीजुलरहमान (उम्र-19 वर्ष) निवासी कुड़ाऊ बौडीहार थाना गड़ास बलरामपुर, मसूद (उम्र-19 वर्ष) निवासी कोहल थाना त्रिलोकपुर सिद्धार्थनगर व सरफाज (उम्र-20 वर्ष) निवासी कुड़ाऊ बौडीहार थाना गड़ास बलरामपुर गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों को बेंवा सीएचसी पहुंचाया गया, जहां से हालात गंभीर देख चिकित्सकों ने जिला चिकित्सालय बस्ती रेफर कर दिया। इस पुलिस के मुताबिक आपस में दोनों पक्षों ने सुलह करके परिजन शव लेकर घर चले गए। कोई तहरीर नहीं मिली है।