सिद्धार्थनगर जिले में डुमरियागंज थाना क्षेत्र के डुमरियागंज-बस्ती मार्ग पर स्थित पोखरा काजी गांव के मोड़ के पास बुधवार को कार ने एक बाइक सवार को टक्कर मार दिया। इससे हादसे में उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम केे लिए भेज दिया है। वहीं, कार और चालक को पुलिस ने पकड़ लिया है।
क्षेत्र के जगजऊंवा गांव निवासी मोहम्मद जावेद (20) पुत्र मोहम्मद कमर बुधवार को किसी कार्य से बाइक से घर से हल्लौर के लिए निकला था। बताया जा रहा है कि अभी वह डुमरियागंज-बस्ती मार्ग पर स्थित पोखरा काजी गांव के मोड़ पर पहुंचा था कि पीछे से कार ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि जब तक आसपास के लोग मौके पर पहुंचते और अस्पताल पहुंचाने की कोशिश करते, जावेद की मौत हो चुकी थी।
मृतक के पिता ने तहरीर देकर कार चालक के विरुद्ध केस दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है। वहीं पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने के साथ ही तहरीर के आधार पर कार चालक के विरुद्ध वाहन चलाने के दौरान लापरवाही का केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
इस संबंध में डुमरियागंज थानाध्यक्ष मुकेश राय ने बताया कि मृतक युवक के पिता की तहरीर पर आरोपी कार चालक पर केस दर्ज कर लिया गया है और कार चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है। जांच में पता चला है कि पकड़ा गया चालक रमेश चंद्र श्रीवास्तव ग्राम असनाहरि जिला बस्ती का निवासी है। इसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।