सिद्धार्थनगर। त्रिलोकपुर थाना क्षेत्र के उज्जैनिया गांव के पास मंगलवार देर रात सड़क के किनारे टहल कर फोन पर बात कर रहे युवक को बाइक सवार ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि युवक बगल के बिजली के पोल से टकरा गया। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, बाइक सवार दो युवक जख्मी हो गए। जिनमें एक की हालत नाजुक देखकर जिला अस्पताल के डॉक्टरों ने बीआरडी मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
क्षेत्र के उज्जैलिया गांव निवासी रघुनाथ प्रसाद (42) पुत्र गंगाराम सब्जी बेचने का कार्य करते थे। मंगलवार रात वह गांव से होकर भड़रिया बाजार को जाने वाली सड़क पर टहलने निकले थे। सड़क के किनारे खड़े होकर मोबाइल पर किसी से बात कर रहे थे। इसी बीच बाइक सवार ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि रघुनाथ प्रसाद बगल में लगे बिजली के पोल से टकराकर गिर गए। हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई। जबकि भड़रिया में ही शादी में शामिल होने जा रहे क्षेत्र के ही तरांव गांव निवासी शत्रुघ्न और लवकुश जख्मी हो गए। हादसा देख मौके पर गांव के लोग पहुंच गए। इसके बाद पुलिस को जानकारी दी। घायलों को सीएचसी सिरसिया ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक देखकर चिकित्सकों ने शत्रुघ्न को गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। वहीं लवकुश को उपचार के बाद घर भेज दिया। शव का पंचनामा करके पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस संबंध में एसओ सूर्यप्रकाश सिंह ने बताया कि शव का पंचनामा करके पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की जांच करके कार्रवाई की जाएगी।