बांसी (सिद्धार्थनगर)। कोतवाली क्षेत्र के बांसी-बस्ती मार्ग पर स्थित सोनखर गांव के पास बृहस्पतिवार की सुबह छह बजे ढाबे के पास खड़े ट्रक से दो बाइक के टकराने से हाईस्कूल की परीक्षा देने जा रहे एक छात्र की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि दो गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस ने तीनों को पीएचसी बांसी ले गई। जहां चिकित्सकों ने एक को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल दोनों किशोरों का प्राथमिक इलाज कर जिला अस्पताल रेफर कर दिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
क्षेत्र के सोनखर गांव निवासी पवन कुमार (16) पुत्र धर्मेंन्द्र उर्फ मिंदर, कोडऱी खास गांव निवासी रवि (16) पुत्र जुग्गी व बभनी ताल निवासी राजू (16) पुत्र उमेश दो बाइक से हाईस्कूल की परीक्षा देने के लिए संतकबीरनगर जनपद के राजेडीहा जा रहे थे। जैसे ही दोनों सोनखर ढाबा के पास पहुंचे, कोहरा अधिक होने के कारण सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गए। हादसा देखकर मौके पर पहुंचे आसपास के लोगों ने घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी। आनन-फानन में तीनों को बांसी पीएचसी पहुंचाया गया। जहां पवन कुमार को मृत घोषित कर दिया गया।
प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखकर दोनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जहां उनका इलाज चल रहा है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस संबंध में कोतवाल बांसी बिदेंश्वरी मणि त्रिपाठी ने बताया कि चिकित्सकों ने पवन कुमार को मृत्यु घोषित कर दिया है। गंभीर रूप से घायल दोनों किशोरों का प्राथमिक इलाज कर जिला अस्पताल भेज दिया गया है।