: डुमरियागंज क्षेत्र में जगह-जगह सड़क किनारे धूप में ढेर लगाकर बेचे जा रहे तरबूज
संवाद न्यूज एजेंसी
डुमरियागंज। वैसे तो गर्मियों में तरबूज के खाने से कई फायदे हैं। लेकिन कटा रखा या गर्म तरबूज का सेवन बीमार बना सकता है। इससे आप डायरिया सहित काॅलरा से ग्रसित हो सकते हैं। जगह-जगह सड़क किनारे धूप में ढेर लगाकर तरबूज बेचे जाते हैं। डुमरियागंज क्षेत्र में भी धूप में बिक रहे गर्म तरबूज लोगों के लिए डायरिया की वजह बन सकता है।
सीएचसी बेंवा चिकित्सक डाॅ. मुहम्मद मुस्तकीम अंसारी ने बताया कि तरबूज के कई फायदे हैं तो कुछ नुकसान भी हैं। आमतौर पर देखने में आता है कि लोग बाजार से तरबूज घर ले जाते हैं। उसे काटकर रख देते हैं और काफी देर बाद खाते हैं। ऐसे में कटा तरबूज सेहत को नुकसान पहुंचा सकता है। काट कर रखे गए तरबूज में ठंडक के कारण हानिकारक बैक्टीरिया उत्पन्न हो जाते हैं। इसे खाने वाले व्यक्ति को उल्टी-दस्त के साथ डायरिया हो सकता है।
इसके अलावा बाजार में धूप में बिक रहे तरबूज को खरीदकर तुरंत नहीं खाना चाहिए। ऐसे तरबूज भी सेहत को नुकसान करेगा। इससे पेट में अपच के साथ उल्टी-दस्त की दिक्कत हो सकती है। बताया कि तरबूज को बाजार से घर ले जाकर पहले धोना चाहिए। इससे उसकी परत पर लगे बैक्टीरिया समाप्त हो सकें। जब तरबूज पूरा ठंडा हो जाए उसके बाद सेवन करें। ऐसा तरबूज नुकसान नहीं करेगा।
-
तरबूज में लाइकोपीन नाम का होता है यौगिक
सीएचसी बेंवा चिकित्सक डाॅ. मुहम्मद मुस्तकीम अंसारी ने बताया कि तरबूज में लाइकोपीन नाम का एक यौगिक पाया जाता है, जो शरीर के लिए फायदेमंद होता है। अगर शरीर में इसकी मात्रा बढ़ जाए तो यह पेट की समस्याओं को जन्म देता है। तरबूज का अधिक मात्रा में सेवन करने से उल्टी, अपच और दस्त जैसी समस्याएं हो सकती हैं। धूप में बिक रहे तरबूज को तुरंत न खाएं और खाने के तुरंत बाद पानी नहीं पीना चाहिए। रात के समय में तरबूज का सेवन नहीं करना चाहिए। चावल या दही के सेवन के तुरंत बाद तरबूज का सेवन नहीं करना चाहिए।