बांसी में पूजा कर माघ मेले का उद्घाटन करते डीएम, एसपी व अन्य।
- फोटो : SIDDHARTHNAGAR
वैदिक मंत्रोच्चार के बीच बांसी माघ मेला शुरू
बांसी। मौनी अमावस्या पर राप्ती नदी के तट पर एक माह तक चलने वाले 70वें माघ मेला एवं प्रदर्शनी का शुभारंभ शुक्रवार को हुआ। डीएम संजीव रंजन ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजन कर मेला का शुभारंभ किया। आयोजन 20 फरवरी तक चलेगा। मेले में जिले के अलावा संतकबीरनगर, बस्ती, गोरखपुर, बलरामपुर जनपद से लोग आते हैं।
उद्घाटन के बाद डीएम संजीव रंजन माघ मेला रिंग में गए। उन्होंने मेला संस्थापक पं. राजेंद्र नाथ त्रिपाठी की प्रतिमा पर माल्यार्पण और ध्वजारोहण किया। उन्होंने माघ मेला कोतवाली कैंप पहुंचकर मेला के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को सख्त रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि माघ मेले में पूरी तरह शांति और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखें। माघ मेला में आने जाने वाले लोगों को कोई दिक्कत न हो, इसका पूरा ध्यान रखा जाए। साथ ही साथ मुख्य सड़क पर भी सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए जाएं। इस दौरान ईओ विंध्याचल ने कहा कि मेला में आने वाले लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए पूरा ध्यान दिया जा रहा है। नगर पालिका के कर्मचारी हर जगह तैनात हैं। इस दौरान एसपी अमित कुमार आनंद, उप जिलाधिकारी बांसी प्रमोद कुमार, कोतवाल बांसी अनुज कुमार सिंह मौजूद रहे।
नहान आज, पहुंचेंगे श्रद्धालु
बांसी। मौनी अमावस्या नहान के लिए राप्ती नदी तट पर तैयारी पूरी हो चुकी है। शनिवार की सुबह भारी संख्या में पहुंचकर श्रद्धालु स्नान करेंगे। नगर पालिका ने साफ-सफाई, राप्ती नदी घाट पर बैरिकेडिंग करा दी है। महिलाओं के कपड़े बदलने के लिए पंडाल व अलाव की व्यवस्था की गई है।