त्योहार पर सेंवइयों के साथ ही कई पकवान बनाने के लिए मुस्लिम परिवारों में चल रही तैयारियां
संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर/डुमरियागंज। बकरीद सोमवार को मनाई जाएगी। त्योहार के मद्देनजर एक हफ्ते से बाजार सजे हैं। जहां अब भीड़ बढ़ने से रौनक छाने लगी है। बकरीद के दिन सुबह ईदगाहों और प्रमुख मस्जिदों में नमाज अदा कराई जाएगी। त्योहार पर सेंवइयों के साथ ही कई पकवान बनाने के लिए मुस्लिम परिवारों में तैयारियां चल रही हैं। बकरा मंडी भी लगी है, जहां बकरों की खरीदारी के लिए लोग पहुंच रहे हैं।
त्योहार के मद्देनजर डुमरियागंज तहसील क्षेत्र के बेंवा चौराहा, हल्लौर, मोतीगंज सहित नगर मंदिर चौराहे से जिला पंचायत मार्केट की बाजारों समेत कई शॉपिंग मॉल में कपड़े और सौंदर्य प्रसाधन खरीदने के लिए लोग पहुंच रहे हैं। बकरीद के दिन नमाज के लिए ईदगाहों में तैयारियां पूरी कराई जा रही हैं। प्रमुख मस्जिदों में भी नमाज के लिए इंतजाम किए जा रहे हैं। नगर में ईदगाह बड़ी जामा मस्जिद में सबसे ज्यादा भीड़ रहती है। मौलाना एहसानुल्लाह ने बताया कि बकरीद सोमवार को मनाई जाएगी। ईदगाहों और प्रमुख मस्जिदों में नमाज होगी। गर्मी को देखते हुए ज्यादातर जगह सुबह सात बजे से 8.30 बजे के नमाज का वक्त तय किया गया है।
40 हजार तक के बिके बकरे
डुमरियागंज। जबजौआ में बकरीद के एक दिन पहले रविवार को बकरा मंडी लगी। रविवार सुबह से बकरा मंडी में भीड़ नजर आने लगी। जिन लोगों को अपने घरों में कुर्बानी करानी है, वे लोग बकरे खरीदने पहुंच रहे थे। पशु पालकों ने बताया कि आठ हजार से कम कीमत का कोई बकरा नहीं है और 50 हजार रुपये कीमत तक के बकरे मिल रहे हैं। रविवार को अफरोज ने 40 हजार रुपये जोड़ी वाला बकरा खरीदा।
मेहमानों को परोसेंगे लजीज व्यंजन, तैयारियां हुई शुरू
बकरीद के पर्व पर ईद की तरह की सेंवई समेत कई तरह के पकवान बनाए जाएंगे। इसके लिए मुस्लिम घरों में तैयारियां शुरू हो गई हैं। ज्यादातर लोगों ने सेंवई की खरीदारी कर ली है। अन्य पकवान बनाने के लिए भी खरीदारी कर रहे हैं। अबु मुस्लिम, शरीफ, नवाज ने बताया कि मुख्य पकवान सेंवई बनाई जाएगी। शहंशाह, अब्दुल्ला, मिनहाज ने बताया कि बाजार में कई किस्म की सेंवईयां मिल रहीं हैं, जिनकी कीमत 60 रुपये से 120 रुपये प्रति किलाेग्राम है। सेंवई को स्वादिष्ट बनाने के लिए सूखे मेवे व खोवा भी मंगाया है।
चिकन के कपड़े और कॉटन सूट की मांग
भीषण गर्मी और लू की वजह से इस बार चिकन के कपड़ों और कॉटन सूट की डिमांड ज्यादा है। दुकानदार संगमलाल बताते हैं कि दोपहर में धूप की वजह से कम लोग दिखते हैं, लेकिन शाम होते ही भीड़ आने लगती है। रेडीमेड व्यवसायी अजीत श्रीवास्तव ने बताया कि इस बार भारी कढ़ाई वाले सूट नहीं बिक रहे हैं। गर्मी अधिक है, इसलिए सामान्य कॉटन सूट ज्यादा पसंद किए जा रहे हैं। प्लाजो और नायरा सूट भी बिक रहे हैं। चिकन के कपड़ों के व्यवसायी गुलाब चंद्र ने बताया कि गर्मी ज्यादा है और महंगाई भी बढ़ी है, जिससे खरीदारी को लेकर लोगों में उत्साह कम है। चिकन के कुर्ता-पायजामा बिक रहे हैं।
-
शांति व्यवस्था के लिए एलर्ट रहेंगे सुरक्षाकर्मी
सिद्धार्थनगर। शहर समेत जिले के सभी कस्बों एवं गांवों में बकरीद त्योहार पर शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुरक्षाकर्मी एलर्ट रहेंगे। इसके लिए जिले के सभी मस्जिदों, ईदगाहों और संवेदनशील स्थलों पर दो हजार से अधिक सुरक्षाकर्मी तैनात किए जाएंगे। एसपी व एएसपी समेत संबंधित सर्किल में सीओ और थाना क्षेत्र में थानाध्यक्ष लगातार भ्रमणशील रहेंगे। कहीं भी अप्रिय स्थिति उत्पन्न होने की सूचना पर त्वरित कार्रवाई की जाएगी। साथ ही प्रशासन की ओर से संबंधित तहसीलों के एसडीएम भी क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए निगरानी करते रहेंगे।