ब्लाॅक स्तरीय बेसिक बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता की हुई शुरूआत
संवाद न्यूज एजेंसी
इटवा। माता प्रसाद जायसवाल इंटर काॅलेज परिसर में ब्लाॅक स्तरीय बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता के पहले दिन शनिवार को विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। सबसे पहले जूनियर हाईस्कूल के विगत चैम्पियन अवधेश कुमार ने मशाल देकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
मुख्य अतिथि प्रधानाचार्य रमाकांत द्विवेदी ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के बालकों की प्रतिभा निखारने के लिए यह बेहतर मंच है। बीईओ महेन्द्र प्रसाद ने कहा खेल से बच्चों का मानसिक विकास होता है। परिषदीय स्कूलोंं में बच्चों को खेल के माध्यम से शिक्षा देना चाहिए। खेल के पहले दिन कबड्डी में प्राथमिक स्तर बालक में इन्द्री ग्रांट ने बाजी मारी। बालक वर्ग के चार सौ मीटर की दौड़ में जूनियर हाईस्कूल पचपेड़वा के अवधेश कुमार ने प्रथम और जूनियर हाईस्कूल इटवा के खिलाड़ी श्याम सुंदर द्वितीय स्थान पर रहे। बालिका वर्ग के प्राथमिक स्तर दौड़ में उजाला प्रथम और सोनी द्वितीय स्थान पर रहे। खो-खो में जूनियर हाईस्कूल पचपेड़वा ने बाजी मारी। प्रतियोगिता का संचालन वीरेन्द्र वर्मा ने किया। इस दौरान व्यायाम शिक्षक चंद्र मणि त्रिपाठी, इन्द्र मणि त्रिपाठी, ओम प्रकाश, केशरी नंदन, हेमंत गुप्ता, नफीस अंसारी, बसंतू ओमकार, इरशाद अहमद, संजय कुमार यादव व अन्य मौजूद रहे।