शोहरतगढ़। एसडीएम राहुल सिंह ने सोमवार को शोहरतगढ़ बढ़नी एनएच हाईवे में सिसवा बुजुर्ग और पड़रिया के पास बन रहे बाईपास मार्ग में ग्राम समाज की भूमि पर लगे 58 पेड़ों की नीलामी की। तहसील सभागार में ग्राम समाज की भूमि में लगे आम सेमर, गुलर आदि 58 पेड़ों की नीलामी में लकड़ी का कारोबार करने वाले एक दर्जन से अधिक ठेकेदारों भाग लिया। नीलामी में अधिकतम बोली शिवकुमार शुक्ला ने 11.40 लाख रुपये लगाई। एसडीएम राहुल सिंह ने अधिकतम बोली लगाने वाले ठेकेदार शिवकुमार शुक्ला के पक्ष में ग्राम समाज की भूमि पर लगे 58 पेड़ों को काटने का मालिकाना हक दिया। एसडीएम ने एक माह पूर्व इन सभी पेड़ों का मूल्यांकन करने के लिए वन विभाग को सौंपा था। पेड़ों का स्थलीय निरीक्षण करने के बाद वन विभाग की टीम ने इन सभी 58 पेड़ों की कीमत 4.47 लाख रुपये लगाई, जबकि तहसील परिसर में अधिकतम बोली 11.40 लाख रुपये तक पहुंच गई। एसडीएम राहुल सिंह ने कहा कि धनराशि जमा होने के बाद ही पेड़ों को काटने की अनुमति दी जाएगी। इस दौरान तहसीलदार अजय कुमार नायब तहसीलदार महबूब अंसारी और राजस्व कर्मी मौजूद रहे। संवाद