उधारी मांगने आए व्यक्ति पर हुआ जानलेवा हमला
उधार दिए 15 लाख रुपये मांगाने आया है भदोही जनपद का व्यक्ति
पथरा (सिद्धार्थनगर)। शिवनगर डिड़ई थाना क्षेत्र के असनहरा गांव में उधारी के रुपये मांगने भदोही जनपद से आए एक व्यक्ति को गांव के कुछ लोगों ने सोते समय चाकू से हमला कर लहूलुहान कर दिया। पुलिस ने घायल व्यक्ति को अस्पताल भर्ती कराया। वहां उसका इलाज हुआ। उसकी तहरीर पर दो नामजद व दो अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज करके पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
भदोही जनपद के गोपालगंज थाना क्षेत्र के कृष्ण देवड़ा गांव निवासी प्रदीप कुमार पांडेय ने तहरीर दी है कि शिवनगर डिड़ई थाना क्षेत्र के असनहरा गांव निवासी माहिबुल्लाह मुंबई में काफी दिनों से साथ में रहते थे। लगभग एक वर्ष पूर्व महीबुल्लाह ने मुंबई में कपड़े का कारखाना खोला था। उसके लिए उसने मुझसे 15 लाख रुपये उधार लिया, लेकिन किन्हीं कारणों से महीबुल्लाह एक माह पूर्व फैक्ट्री बंद करके अपने गांव चला आया। जब मुझे इसकी जानकारी हुई तो मैंने महीबुल्लाह के पास पैसे मांगने के लिए कई बार फोन किया, लेकिन उसने फोन पर एक बार भी बात नहीं की। इसके चलते वह अपना पैसा लेने एक सप्ताह पहले उसके गांव असनहरा पहुंचा तो वह पैसा देने में हीलाहवाली करने लगा।
ग्राम प्रधान के समक्ष पंचायत भी हुई। गांव में जान पहचान नहीं होने के कारण वह मंदिर परिसर में सोया था। सोमवार रात नकाबपोश कुछ हमलावर आए। उसे लात-घुसे और डंडे से पीटने लगे। उसके बाद एक हमलावर ने चाकू से हमला कर दिया। आरोपी वहां से फरार हो गए। पुलिस ने उसे घायल अवस्था में अस्पताल भर्ती कराया। पीड़ित ने केस दर्ज करके कार्रवाई की मांग की। इस संबंध में डिड़ई थाना प्रभारी ज्ञानेंद्र राय ने बताया कि सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल व्यक्ति को अस्पताल भर्ती कराया। उसकी तहरीर पर असनहरा गांव के तसउवर और महीबुल्लाह व दो अज्ञात के खिलाफ मारपीट सहित अन्य धारा में केस दर्ज करके मामले की जांच शुरू कर दी है।