सिद्धार्थनगर। सिरदर्द बन चुके चोरी करने वाले गिरोह के तीन सदस्यों को त्रिलोकपुर पुलिस ने क्षेत्र के धनोहरी मार्ग से सुबह दबोच लिया। उनके कब्जे से चोरी के आभूषण और नकदी बरामद किया। पुलिस का दावा है कि पकड़ा गया गिरोह त्रिलोकपुर के अलावा डुमरियागंज और भवानीगंज थाना क्षेत्र में चोरी की कई वारदात को अंजाम दे चुका है। पूछताछ करने के बाद न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
एसओ त्रिलोकपुर सूर्यप्रकाश सिंह ने बताया कि क्षेत्र में हुई चोरी की वारदात का खुलासा करने के लिए पुलिस टीम लगी थी। शनिवार सुबह मुखबिर से सूचना मिली कि शाहपुर-सिंगारजोत मार्ग पर स्थित धनोहरी से लगभग 800 मीटर पूरब तीन युवक संदिग्ध खड़े हैं जो चोरी की घटनाओं को अंजाम देते हैं। वह कहीं भागने की फिराक में हैं। सूचना को संज्ञान में लेते हुए टीम मौके पर पहुंच गई।
पुलिस को आता हुआ देखकर तीनों भागने लगे। जवानों ने घेराबंदी करके उन्हें पकड़ लिया। पूछताछ में इन्होंने अपनी पहचान मो. नसीम उर्फ चिनकू निवासी कुसहटा, निजामुद्दीन उर्फ पिल्लू निवासी जाबजौवा थाना डुमरियागंज व कमलेश उर्फ बेटौवा सोहना थाना त्रिलोकपुर बताया। इनके कब्जे से सोने और चांदी के आभूषण और 36 हजार रुपये नकदी बरामद किया गया।
-
पूछताछ में इन घटनाओं में शामिल होने की बात की स्वीकार
एसओ त्रिलोकपुर सूर्यप्रकाश सिंह ने बताया कि पूछताछ में पकड़े गए आरोपियों ने बताया कि 14 जून को ग्राम बबुरहा, 24 जून को ग्राम पोखरभिटवा, 25 जून को ग्राम हरिबंधनपुर में चोरी किया। एक जुलाई में डुमरियागंज थाने के ग्राम जबजौवा व भवानीगज थाने के ग्राम सिरसिया के टोला बरगदही में हुई चोरियों में शामिल होना स्वीकार किया है। तीनों आरोपियों ने रात में मकान का ताला तोड़कर घर में घुसकर नगद रुपये, सोने, चांदी के जेवरात चोरी करने व आपस में बांटने की भी जानकारी दी। एसओ ने बताया कि इन तीनों आरोपियों ने आपस में मिलकर कुछ रुपया नेपाल राष्ट्र में खर्च करने, शेष चोरी किये गए सामान को बेचकर प्राप्त धनराशि से अपना व अपने परिवार का खर्च चलाने की बात स्वीकार किया है।