दिल्ली पुलिस की टीम ने चिल्हिया थाना क्षेत्र के कंदवा से फरार चल रहे आरोपी को पकड़ा
सिद्धार्थनगर। चिल्हिया थाना क्षेत्र के कंदवा से दिल्ली पुलिस की टीम एक युवक को पकड़ ले गई। पुलिस के मुताबिक दिल्ली के लाजपत नगर थाना क्षेत्र के राधा कृष्णा मंदिर में 20 वर्ष पुराने लूट की वारदात में शामिल था। वारदात वर्ष 2003 का है। रंगाई-पुताई करने वाले कर्मियों ने पुजारी को पिस्टल दिखाकर 22 लाख रुपये की लूट की थी। मामले में मास्टर माइंड समेत अभी भी दो फरार चल रहे हैं। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर सोमवार को न्यायालय में पेश किया। इसके बाद रिमांड पर लेकर अपने साथ दिल्ली लेकर चली गई।
जानकारी के अनुसार, दिल्ली के लाजपत नगर थाना क्षेत्र में राधा कृष्णा मंदिर है। वर्ष 2003 में मंदिर समिति ने मंदिर की रंगाई-पुताई के लिए नाहिद, शकील व अब्दुला उर्फ अन्नू को रंगाई का कार्य सौंप दिया। यह तीनों सिद्धार्थनगर जिले के चिल्हिया थाना क्षेत्र के कंदवा गांव के निवासी हैं। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार तीनों कर्मी रंगाई के तीन दिन बाद पुजारी को पिस्टल दिखाकर दो तिजोरी से 22 लाख रुपये की लूट की वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए थे। इस मामले में लाजपत नगर थाना में मुकदमा पंजीकृत कराया गया था।
न्यायालय के निर्देश पर लाजपत नगर थाना के एसआई अविनाश तिवारी व कांस्टेबल योगेश यादव दो दिसंबर को चिल्हिया पहुंचकर थाने से संपर्क किया। इसके बाद लूट में शामिल अब्दुला उर्फ अन्नू की रेकी की गई। तीन दिसंबर की रात आरोपी को स्थानीय पुलिस व दिल्ली पुलिस के संयुक्त प्रयास से उसके गांव कंदवा से गिरफ्तार कर लिया गया। एसआई अविनाश तिवारी ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार करने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। सोमवार को उसका मेडिकल कराने के बाद न्यायालय में पेश कर रिमांड पर लिया गया है। पांच दिसंबर को उसे दिल्ली न्यायालय में पेश किया जाएगा।