घोसियारी। खेसरहा विकास क्षेत्र के रिउना गांव में लगे सभी नल सूख गए हैं। इंडिया मार्का हैंडपंप विहीन होने के कारण लोगों को पानी के लिए परेशान होना पड़ रहा है। एक व्यक्ति ने कई बार शिकायत की, लेकिन सुनवाई नहीं हुई तो अब उसने सीएम पोर्टल पर शिकायत करके नल बनवाने की गुहार लगाई है। शिकायतकर्ता का कहना है कि घर में बेटी की शादी है और सामने लगा हैंडपंप खराब है। ऐसे में शादी वाले दिन पानी के लिए बड़ी समस्या होगी। किसी तरह से हैंडपंप बनवा दीजिए सरकार...।
क्षेत्र के रिउना गांव निवासी विजय मिश्र की बेटी की शादी एक जून को है। घर के बाहर लगा सरकारी नल दो वर्षों से खराब है। उन्होंने इसके लिए ग्राम सचिव से कई बार संपर्क किया। लेकिन, उन्होंने केवल आश्वासन दिया। विवाह का समय नजदीक होता देख फोन करने पर भी उनका फोन रिसीव नहीं होता है। शादी के अवसर पर घर पर मेहमानों की भीड़ होगी, उनके घर के आंगन में केवल एक ही देशी नल लगा है। ऐसे में पानी कहां से आएगा यह चिंता सताने लगी है। ऐसे में विजय मिश्र ने सीएम पोर्टल पर शिकायत करके नल बनवाने की गुहार लगाई है। रिउना निवासी सुशीला का कहना है कि घर के बाहर लगा सरकारी नल दो वर्ष से खराब है। घर के बरामदे में 85 वर्षीय बूढ़ी सास सोती हैं। बार-बार रात में उनको अंदर से पानी देना पड़ता है। बूढ़ी घोसियारी निवासी उर्मिला का कहना है कि एक वर्ष से नल खराब है पड़ोस के घर से पानी लाकर पीना पड़ता था। घर में चार बेटियां हैं, जब सब से कह कर थक हार चुकी तो गांव में उधार के पैसे से देसी नल लगवाया। तब जाकर पानी की आपूर्ति हो सकी। बूढ़ी घोसियारी निवासी रामछैल का कहना है कि इस समय घर पर निर्माण कार्य चल रहा है। दरवाजे पर लगा सरकारी नल छह वर्ष से खराब है। घर बनवाने में पानी की ज्यादा जरूरत पड़ रही है। इसलिए बहुत लंबा पाइप लगाकर पानी को लाना पड़ रहा है। इस संबंध में रिउना के ग्राम पंचायत सचिव संदीप सिंह से कई बार संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो सका। उनसे संपर्क होने पर उनके पक्ष को प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा। इस संबंध में बीडीओ खेसरहा चंद्रभान उपाध्याय का कहना है कि मामले की जानकारी नहीं थी। जिम्मेदारों को भेजकर पता करवाते हैं। पूरी कोशिश रहेगी कि विवाह के पहले उनके घर का नल सही हो जाए।