डुमरियागंज थाना क्षेत्र के भगवानपुर गांव के पास शुक्रवार की देर शाम हुआ था हादसा
संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। डुमरियागंज थाना क्षेत्र के भगवानपुर गांव के पास ट्रक की टक्कर से बाइक सवार मामा और भांजे जख्मी हो गए थे। इसमें भांजे की मौत हो गई थी। इलाज के दौरान मामा ने भी दम तोड़ दिया। मौत की खबर मिलने के बाद से परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है।
क्षेत्र के जखौली गांव निवासी बाइक चालक मनोज कुमार श्रीवास्तव और बढऩी गांव निवासी विष्णु सहाय श्रीवास्तव एक साथ निकले थे और हादसे के शिकार हो गए थे। गंभीर चोटें लगने की वजह से बेंवा सीएचसी के डाॅक्टरों ने मनोज को मृत घोषित कर दिया था। जबकि विष्णु सहाय घायल हो गए थे। हालत गंभीर देखते हुए डाक्टरों ने कैली जिला अस्पताल बस्ती के लिए रेफर कर दिया था। जहां पर इलाज के दौरान शुक्रवार की रात्रि 11 बजे मौत हो गई। मौत के बाद से परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है।
इस संबंध में डुमरियागंज थानाध्यक्ष मुकेश राय ने कहा कि बस्ती में इलाज के दौरान हुई मौत के संबंध में परिजनों द्वारा कोई जानकारी न देकर गांव पर लाकर दाह संस्कार कर दिया गया।