सिद्धार्थनगर। मिश्रौलिया थाना क्षेत्र में साइबर फ्रॉड के शिकार एक व्यक्ति को पुलिस ने बैंक के समन्वय से ठगी गई 2583 रुपये की धनराशि वापस करा दी। बभनी गांव निवासी इफ्तेखार ने तीन जुलाई को एनसीआरपी पोर्टल पर 2583 रुपये की साइबर ठगी की शिकायत दर्ज कराई थी। थाना मिश्रौलिया की साइबर टीम ने बैंक से समन्वय कर धनराशि को होल्ड कराया और वापस कराने की प्रक्रिया शुरू की। पुलिस की त्वरित कार्रवाई के बाद 2583 रुपये पीड़ित के बैंक खाते में वापस आ गए। इफ्तेखार ने पुलिस की कार्रवाई के प्रति आभार जताया। अधिकारियों ने लोगों से साइबर ठगी होने पर तत्काल एनसीआरपी पोर्टल या साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत करने की अपील की। कार्रवाई करने वाली टीम में थानाध्यक्ष मिश्रौलिया रामदेव, उपनिरीक्षक दिग्विजयनाथ दूबे, कांस्टेबल आशुतोष सिंह, कांस्टेबल आकाश कुमार और महिला कांस्टेबल अनुराधा गुप्ता शामिल रहे।