डुमरियागंज थाने में दीपावली को लेकर आयोजित शांति समिति की बैठक को संबोधित करते सीओ राणा महेंद्र ?
- फोटो : SIDDHARTHNAGAR
नशे का सेवन कर जुलूस में शामिल हुए तो होगी कार्रवाई
डुमरियागंज। धनतेरस दीपावली का त्योहार आपसी सौहार्द और भाईचारे के साथ मिलजुल कर मनाएं और किसी नई परंपरा की शुरुआत ना करें। नशे का सेवन कर जुलूस में शामिल होने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी। शांति व्यवस्था बिगाड़ने वालों से सख्ती से निपटा जाएगा। ये बातें सीओ राणा महेंद्र प्रताप सिंह ने बुधवार की देर शाम डुमरियागंज थाने में आयोजित शांति समिति की बैठक में कहीं।
उन्होंने कहा कि दुर्गा पूजा दशहरा की तरह धनतेरस दीपावली के त्यौहार को भी आपसी भाई चारे के साथ मिलजुल कर मनाएं और लक्ष्मी प्रतिमा विसर्जन के दौरान नशे की हालत में कोई भी शोभायात्रा जुलूस में शामिल न हो। ऐसे लोगों को चिह्नित कर उन पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
थानाध्यक्ष संजय कुमार मिश्रा ने बताया कि डुमरियागंज थाना क्षेत्र में 38 लक्ष्मी प्रतिमाएं स्थापित की जाएगी, जहां पर सुरक्षा की कड़ी व्यवस्था रहेगी। इस दौरान अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष सुगंध अग्रहरि, रामदेव गुप्ता, कसीम रिजवी, सूर्य प्रकाश श्रीवास्तव, ताकीब रिजवी, पंडित राकेश शास्त्री, विनोद श्रीवास्तव, तिलकराम बाबा, सोनू तिवारी, बबलू अग्रहरि, विष्णु श्रीवास्तव मौजूद रहे।