कसया। मानव तस्करी पर रोक लगाने और गुमशुदा व्यक्तियों, विशेषकर नाबालिग बच्चों और महिलाओं की तलाश के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन खोज” के तहत शुक्रवार को थाना एएचटी की टीम ने तमकुहीराज थाना क्षेत्र में सघन सर्च अभियान चलाया। एसपी कुशीनगर केशव कुमार के निर्देशन और एएसपी सिद्धार्थ वर्मा एवं पुलिस उपाधीक्षक (नोडल एएचटी) डॉ. अजय कुमार सिंह के पर्यवेक्षण में यह अभियान संचालित किया गया। थाना एएचटी के प्रभारी निरीक्षक विद्याधर कुशवाहा अपनी टीम के साथ क्षेत्र में सक्रिय रहे। इस दौरान दुकानदारों, राहगीरों, परिवहन कर्मियों और स्थानीय नागरिकों से संवाद कर संभावित गुमशुदा व्यक्तियों के बारे में जानकारी जुटाई गई। साथ ही लोगों को मानव तस्करी और बच्चों के गुम होने की घटनाओं के प्रति सतर्क रहने के लिए जागरूक किया गया। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या गुमशुदा व्यक्ति के संबंध में तत्काल नजदीकी थाने या पुलिस हेल्पलाइन को सूचना दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।