संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। डुमरियागंज नगर निवासी अधिवक्ता शक्तिप्रकाश के पुत्र राजीव कुमार एडवोकेट की पिटाई व प्राणघातक हमले के बाद पुलिस द्वारा फर्जी दर्ज किए गए मुकदमे को लेकर अधिवक्ताओं में आक्रोश है। मंगलवार को बैठक कर बार एसोसिएशन की एल्डर्स कमेटी ने साथी अधिवक्ता पर दर्ज फर्जी मुकदमा वापस लिए जाने व आरोपियों की गिरफ्तारी न होने तक न्यायिक कार्य से विरत रहने के संबंध में एक प्रस्ताव पारित किया है।
एल्डर्स कमेटी में शामिल मलिक इकबाल यूसुफ एडवोकेट रमापति सिंह एडवोकेट, राधेश्याम सिंह एडवोकेट, मो. शोएब फारुकी एडवोकेट व हरिराम एडवोकेट के हवाले से जारी पत्र के मुताबिक बीते 21 जुलाई को डुमरियागंज के एक रेस्टोरेंट में एडवोकेट राजीव कुमार खाना खाने गए थे। जहां पर भाजयुमो जिलाध्यक्ष गौरव मिश्र, सौरभ मिश्र, अवधेश चौधरी व कुछ अन्य लोग अकारण शब्द कहने लगे मना करने पर राजीव कुमार पर जानलेवा हमला कर उन्हें बुरी तरह मारा पीटा। चूंकि गौरव मिश्र भाजयुमो जिलाध्यक्ष हैं, ऐसे में उनके दबाव पर उल्टे राजीव पर गंभीर धाराओं में मुकदमा पुलिस ने दर्ज कर लिया है। कमेटी के अध्यक्ष समेत सदस्यों ने बताया कि सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया है कि जब तक राजीव कुमार पर दर्ज मुकदमा वापस न कर दिया जाता हैं और गौरव मिश्र की गिरफ्तारी नहीं होती है, तब तक समस्त सभी अधिवक्ता न्यायिक कार्य से विरत रहेंगे।