वकीलों ने पूर्व मुख्यमंत्री के निधन पर की शोक सभा
सिद्धार्थनगर। सिविल सिद्धार्थ बार एसोसिएशन एवं जिला बार एसोसिएशन ने पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व रक्षामंत्री मुलायम सिंह यादव के निधन पर शोक सभा की।
एडवोकेट कृपाशंकर त्रिपाठी के चैंबर में शोकसभा हुई। कृपा शंकर त्रिपाठी ने कहा कि मुलायम सिंह समाज में फैली विषमताओं को देखते हुए राजनीति में कदम रखा। समाजवाद की अवधारणा चरितार्थ करते हुए समाजवादी पार्टी के मुखिया के रूप में कमान संभाली और तीन बार प्रदेश के मुख्यमंत्री बने व एक बार भारत सरकार के रक्षामंत्री बने। इस दौरान अधिवक्ता अनिल विश्वकर्मा, रियाज अहमद, वीरेंद्र श्रीवास्तव, जिला बार अध्यक्ष सत्यदेव सिंह, अखंड प्रताप सिंह, शेषमणि प्रजापति, हरिश्चंद्र चौरसिया उपस्थित थे।
उसका प्रतिनिधि के अनुसार, पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव के निधन पर समाजवादी पार्टी कार्यकर्ताओं सहित अन्य राजनैतिक दल एवं सामाजिक संस्थाओं के कार्यकर्ताओं ने शोक जताया है। इस दौरान चेयरमैन प्रतिनिधि सुरेश यादव, चैयरमैन पुनीता यादव, अयोध्या साहू, अजीत कुमार, सूरज मोदनवाल, राधेश्याम, सुजीत अग्रहरि ने निधन पर दुख व्यक्त किया है। उसका स्थित परसा गोशाला में सपा नेताओं ने श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान शैलेंद्र शर्मा, जयप्रताप यादव, राजकुमार यादव, रामजी मौजूद थे।
सर्वप्रिय थे स्व. मुलायम: सांसद
सांसद जगदंबिका पाल ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री स्व. मुलायम सिंह यादव जमीन से जुड़े, कमजोर तबके के लिए सदैव संघर्षरत रहने वाले नेता थे। वह समाजवादी पार्टी ही नहीं, सभी दलों में समान रूप से लोकप्रिय थे। यह बात उनके निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शोक संदेश से साफ दिख रहा है। उनके साथ हमारे भी बेहद अच्छे संबंध थे, जिसका वह निर्वहन भी करते थे। उनके निधन से प्रदेश और देश ने एक सच्चा नेता खो दिया है।