सिद्धार्थनगर। डग्गमार और बिना फिटनेस और परमिट के चलने वालों बसों के खिलाफ संभागीय परिवहन विभाग की कार्रवाई तेज हो गई है। डग्गामार बसों से जुड़ी खबर 21 अगस्त के अंक में प्रकाशित होने के बाद सबसे पहले डुमरियागंज से कार्रवाई शुरू हुई। एआरटीओ की अगुवाई में नियम तोड़ने वाले 13 वाहनों पर कार्रवाई करते हुए डुमरियागंज, मोहाना, ढेबरुआ और जोगिया कोतवाली में खड़ा करवा दिया गया है। इसके साथ ही 40 वाहनों का चालान करते हुए जुर्माना वसूल किया।
परिवहन विभाग ने डुमरियागंज पुलिस के साथ मिलकर लखनऊ रूट पर चलने वाली दो बस पर कार्रवाई करते हुए उन्हें थाने पर लाकर खड़ा करवा दिया। एक वाहन को फिटनेस ,बीमा, प्रदूषण फेल व ओवरलोड में थाना डुमरियागंज में निरुद्ध किया गया। इसके अलावा तीन ओवरलोड वाहन व तीन फिटनेस फेल वाहन थाना ढेबरुवा में निरुद्ध किया गया। जोगिया कोतवाली क्षेत्र में चेकिंग के दौरान बस नियम के विरुद्ध संचालित पाए जाने पर कार्रवाई करते हुए थाने में खड़ा करवा दिया। वहीं, मोहाना थाना क्षेत्र में बिना मानक के स्कूली वाहन के चलते हुए मिलने पर कार्रवाई करते हुए थाने में खड़ा कराया गया। इसके अलावा 40 वाहनों का चालान काटकर जुर्माना लगाया गया। बिना फिटनेस और परमिट वाले 157 वाहनों का पंजीकरण निलंबित किया है। इस संबंध एआरटीओ सुरेश कुमार ने बताया कि चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। नियम विरुद्ध चलने वाले वाहनों पर कार्रवाई की जा रही है।
डुमरियागंज : 17 वाहनों का चालान
डुमरियागंज। एआरटीओ व पुलिस विभाग की टीम ने शुक्रवार को कस्बे में सघन चेकिंग अभियान चलाकर दो बसों व 15 दो पहिया वाहनों का चालान किया। साथ ही 15 हजार रुपये जुर्माना भी वसूले। एआरटीओ एसके मौर्या व एसओ डुमरियागंज रमेश यादव की संयुक्त टीम ने चेकिंग अभियान शुरू किया तो कस्बे में हड़कंप मच गया। इस संबंध मे एसओ रमेश यादव ने बताया कि यात्रियों की सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन को लेकर पुलिस पूरी तरह से तत्पर है। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान एसआई शिवकुमार यादव, श्याम सुंदर माैर्या, शैलेश सिंह, सतीश सिंह, अवध बिहारी सिंह, देवेंद्र गुप्ता आदि मौजूद रहे। संवाद