सिद्धार्थनगर। मुख्य विकास अधिकारी जयेंद्र कुमार की अध्यक्षता में जिला स्वच्छ भारत मिशन मैनेजमेंट कमेटी की बैठक कलक्ट्रेट सभागार में हुई। सीडीओ ने जिला पंचायत राज अधिकारी को निर्देश दिया कि निर्माणाधीन व्यक्तिगत शौचालय का निर्माण कार्य समय से पूर्ण कराये तथा जिन लाभार्थियों को प्रथम किस्त एवं द्वितीय किस्त का भुगतान नहीं हुआ है उसको शीघ्र ही उनके खाते में भेजा जाये। इस कार्य में लापरवाही बरतने वाले सहायक विकास अधिकारी पंचायत के खिलाफ कार्यवाही सुनिश्चित किया जाये।
व्यक्तिगत शौचालय का जियो टैग कराने का निर्देश दिया। इसके साथ ही सामुदायिक शौचालय का निर्माण गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध पूर्ण कराने का निर्देश दिया गया। मुख्य विकास अधिकारी श्री जयेन्द्र कुमार ने कहा कि जहां पर सामुदायिक शौचालय बन गये है उनका संचालन सुनिश्चित कराये। समय से खुले एवं साफ-सफाई व्यवस्था कराने का निर्देश दिया। ग्राम पंचायत के मिनी सचिवालय भी समय से खुले। आरआरसी सेंटर के निर्माण के प्रगति के बारे में जानकारी प्राप्त किया गया तथा शेष बचे हुए सेंटर को समय से पूर्ण कराने का निर्देश दिया।
जिला पंचायत राज अधिकारी ने बताया कि स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) तहत 45 घन मीटर क्षमता वाले वायोगैस प्लांट का निर्माण कार्य विकास खंड जोगिया की ग्राम पंचायत धनगढ़िया में कराया जा रहा है। इस बैठक में अतिरिक्त अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. डीके चौधरी, डीपीआरओ पवन कुमार, जिला समाज कल्याण अधिकारी डॉ. राहुल गुप्ता, अमित श्रीवास्तव उपस्थित रहे।